Torrent Power Stock Trading Strategy: शेयर बाजार में एक बार फिर हलचल तेज है और इस बार फोकस में है Torrent Power। HDFC Securities के सीनियर टेक्निकल और डेरिवेटिव एनालिस्ट नंदीश शाह का मानना है कि इस स्टॉक में तेजी की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। मौजूदा संकेत बताते हैं कि आने वाले दिनों में शेयर ऊपरी स्तरों की ओर बढ़ सकता है, इसी वजह से उन्होंने इसमें Bull Spread Strategy अपनाने की सलाह दी है।
नंदीश शाह के मुताबिक निवेशक 24 फरवरी की एक्सपायरी के लिए 1420 स्ट्राइक का कॉल ऑप्शन ₹42 पर खरीदें और साथ ही 1450 स्ट्राइक का कॉल ऑप्शन ₹31 पर बेचें। इस रणनीति में एक लॉट में 425 शेयर आते हैं और पूरी स्ट्रैटेजी की लागत करीब ₹4,675 बैठती है। यानी सीमित खर्च में सीमित जोखिम के साथ तेजी पर दांव लगाने का मौका।
अगर एक्सपायरी के दिन Torrent Power का शेयर 1450 या उससे ऊपर बंद होता है, तो इस रणनीति से निवेशक करीब ₹8,075 तक का अधिकतम मुनाफा कमा सकते हैं। इस ट्रेड का ब्रेकईवन लेवल 1431 है, यानी इसके ऊपर शेयर टिकते ही फायदा शुरू हो जाएगा। नंदीश शाह के मुताबिक इस ट्रेड का रिस्क-रिवार्ड रेश्यो 1:1.73 है, जबकि इसे लेने के लिए करीब ₹21,000 का मार्जिन चाहिए।
एक्सपर्ट के अनुसार Torrent Power के फ्यूचर्स में साफ तौर पर लॉन्ग बिल्डअप देखने को मिल रहा है। कीमत करीब 0.90 फीसदी चढ़ी है और उसी के साथ ओपन इंटरेस्ट में तेज बढ़ोतरी हुई है, जो मजबूत तेजी का संकेत माना जाता है। इसके अलावा शेयर ने वीकली और मंथली चार्ट पर ज्यादा वॉल्यूम के साथ ब्रेकआउट दिया है। स्टॉक अपने अहम मूविंग एवरेज से ऊपर बना हुआ है और मोमेंटम इंडिकेटर्स व ऑस्सीलेटर्स भी इस अपट्रेंड में ताकत दिखा रहे हैं।
नंदीश शाह का मानना है कि टेक्निकल चार्ट्स, डेरिवेटिव डेटा और मोमेंटम-तीनों मिलकर Torrent Power के पक्ष में कहानी बुन रहे हैं। ऐसे में ऑप्शन ट्रेडर्स के लिए यह रणनीति कम जोखिम में नियंत्रित मुनाफे का मौका दे सकती है।
(डिस्क्लेमर: यह लेख HDFC Securities के सीनियर टेक्निकल और डेरिवेटिव एनालिस्ट नंदीश शाह की राय पर आधारित है। निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।)