Q3 Results: नैस्डैक पर सूचीबद्ध कंपनी कॉग्निजेंट ने चौथी तिमाही के दौरान शुद्ध लाभ में 64.8 करोड़ डॉलर के साथ 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है। इस दौरान राजस्व 4.9 प्रतिशत बढ़कर 5.3 अरब डॉलर हो गया, जबकि स्थिर मुद्रा में वृद्धि 3.8 प्रतिशत रही। वृद्धि के ये आंकड़े इसकी अधिकांश भारतीय प्रतिस्पर्धियों की तुलना में कहीं बेहतर रहे। कॉग्निजेंट जनवरी-दिसंबर की अवधि को वित्त वर्ष मानती है। कंपनी को उम्मीद है कि साल 2025 में अपने खुद के अनुमान को पार करने के बाद समूचे वर्ष में वह 4 से 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करेगी।
फैशन और लाइफस्टाइल क्षेत्र की खुदरा विक्रेता ट्रेंटफैशन और लाइफस्टाइल क्षेत्र की खुदरा विक्रेता ट्रेंट का समेकित शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 3.1 प्रतिशत बढ़ा। पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इसका परिचालन राजस्व 14.8 प्रतिशत बढ़कर 5,345.1 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने कहा कि लेखा मानकों के कारण हमारे समेकित राजस्व में ट्रेंट हाइपरमार्केट कारोबार का राजस्व शामिल नहीं है। हालांकि इस परिणाम में इस उद्यम के लाभ का आनुपातिक हिस्सा शामिल है और इसकी गणना इक्विटी विधि के आधार पर की गई है।
टाटा पावर का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ मामूली रूप से बढ़कर 1,194 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व में कमी के बावजूद कंपनी के मुनाफे में यह बढ़त दर्ज की गई है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में कंपनी को 1,188 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था।
बजाज फिनसर्व का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ लगभग स्थिर रहा और यह 2,229 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 2,231 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के वित्तीय नतीजों की जानकारी दी। आलोच्य तिमाही में बजाज फिनसर्व की कुल आय बढ़कर 39,708 करोड़ रुपये हो गई।
घरेलू और निर्यात बाजारों में मजबूत बिक्री के कारण अपोलो टायर्स का वित्त वर्ष 2025-26 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 40 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 471 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 337 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनैशनल का एकीकृत मुनाफा दिसंबर तिमाही में ज्यादा राजस्व के कारण करीब सात प्रतिशत बढ़कर 149.05 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 139.59 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा हुआ था।
पुणे की एम्क्योर फार्मास्युटिकल्स ने वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही के दौरान कर बाद लाभ (पीएटी) में पिछले साल के मुकाबले 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह बढ़कर 231 करोड़ रुपये हो गया। परिचालन से कंपनी का राजस्व 20 प्रतिशत बढ़कर 2,363 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही आधार पर राजस्व में 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। लेकिन नई श्रम संहिता की वजह से एकमुश्त प्रावधान (38 करोड़ रुपये) के कारण कर बाद लाभ में लगभग 8 प्रतिशत की गिरावट आई। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कर्मचारी लागत में सालाना आधार पर 5.56 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई।
दैनिक उपभोक्ता वस्तु (FMCG) क्षेत्र की कंपनी इमामी ने चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही (वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही) में बिक्री वृद्धि और मार्जिन बढ़ने के कारण समेकित शुद्ध लाभ में पिछले साल के मुकाबले 14.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की और यह बढ़कर 319.48 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल इसी अवधि में शुद्ध लाभ 279 करोड़ रुपये था। परिचालन से समेकित राजस्व पिछले साल के मुकाबले 9.8 प्रतिशत बढ़ा।
तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 342 करोड़ रुपये रहा। निजी क्षेत्र के बैंक ने एक साल पहले इसी तिमाही में 300 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि तिमाही के दौरान कुल आय बढ़कर 1,665 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,520 करोड़ रुपये थी।