आज का अखबार

पीएम मोदी 7–8 फरवरी को मलेशिया दौरे पर, व्यापार से रक्षा तक द्विपक्षीय सहयोग की होगी समीक्षा

वस्तुओं, सेवाओं और निवेश को कवर करने वाला भारत-मलेशिया द्विपक्षीय व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (सीईसीए) 1 जुलाई, 2011 से प्रभावी हुआ।

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- February 05, 2026 | 10:50 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 फरवरी को मलेशिया का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री की मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के बीच सहयोग की समीक्षा की जाएगी। इसमें व्यापार और निवेश, रक्षा, सुरक्षा और समुद्री सहयोग से लेकर डिजिटल और वित्तीय प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और जन-संबंधों तक के क्षेत्र शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वार्ता में पारस्परिक लाभ के लिए भविष्य में होने वाले सहयोग की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।

वस्तुओं, सेवाओं और निवेश को कवर करने वाला भारत-मलेशिया द्विपक्षीय व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (सीईसीए) 1 जुलाई, 2011 से प्रभावी हुआ। आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौता (एआईटीआईजीए) जनवरी 2010 में लागू हुआ, जबकि आसियान-भारत सेवा और निवेश व्यापार समझौते जुलाई 2015 से परिचालन में हैं और इसकी समीक्षा जारी है। मोदी वहां भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ उद्योग और व्यापार प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेंगे।

प्रधानमंत्री की यात्रा के साथ ही 10वां भारत-मलेशिया सीईओ फोरम भी आयोजित होगा। यह प्रधानमंत्री की मलेशिया की तीसरी यात्रा होगी और अगस्त 2024 में भारत-मलेशिया द्विपक्षीय संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ का दर्जा दिए जाने के बाद पहली यात्रा होगी। मलेशिया में 29 लाख से अधिक भारतीय प्रवासी रहते हैं, जो विश्व में तीसरा सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है।

आसियान में मलेशिया भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। 2024-25 में भारत-मलेशिया व्यापार 19.9 अरब डॉलर था, जिसमें 7.36 अरब डॉलर का निर्यात और मलेशिया से 12.54 अरब डॉलर का आयात शामिल था।

First Published : February 5, 2026 | 10:50 AM IST