Bharti Airtel Q3FY26 Results: देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी, भारती एयरटेल ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2025-26 की तिसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q3FY26 में कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। तीसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट करीब 55 फीसदी गिरकर 6,630.5 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की समान अवधि में एयरटेल ने 14,781.2 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि दिसंबर तिमाही में ऑपरेशन से उसका रेवेन्यू 19.6 फीसदी बढ़कर 53,982 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान अवधि में यह 45,129.3 करोड़ रुपये था।
एयरटेल का भारत में रेवेन्यू सालाना आधार पर 13.2 फीसदी बढ़कर 39,226 करोड़ रुपये हो गया।
Also Read: Suzlon Q3 Results: ₹445 करोड़ का मुनाफा, कमाई बढ़कर ₹4228 करोड़; फिर भी शेयर ने क्यों लगाया 4% का गोता?
एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही कंपनी के लिए एक मजबूत तिमाही रही। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 53,982 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 3.5 फीसदी ज्यादा है। यह कंपनी की डायवर्स और मजबूत बिजनेस स्ट्रेटेजी को दिखाता है।
उन्होंने कहा कि भारत में रेवेन्यू, जिसमें पैसिव इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाएं भी शामिल हैं, तिमाही आधार पर 1.4 फीसदी बढ़ा है। वहीं अफ्रीका कारोबार ने भी शानदार प्रदर्शन किया और स्थिर मुद्रा आधार पर रेवेन्यू में 5.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की। विट्टल के मुताबिक, अफ्रीका में बेहतर प्रदर्शन की एक बड़ी वजह कंपनी का अपना विकसित किया गया डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसने बाजार में कंपनी की पकड़ और काम करने की क्षमता को मजबूत किया है।
कंपनी के भारत में मोबाइल कारोबार से रेवेन्यू में सालाना आधार पर 9.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह वृद्धि बेहतर कमाई और बढ़ते ग्राहक आधार की वजह से हुई। इस तिमाही में भारती एयरटेल का औसत राजस्व प्रति ग्राहक (ARPU) 5.7 फीसदी बढ़कर 259 रुपये हो गया, जो एक साल पहले 245 रुपये था।