भारतीयों ने अप्रैल से दिसंबर के दौरान फॉरेन ट्रेवल (Foreign Travel) पर करीब 10 अरब डॉलर खर्च किए है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों का हवाला देते हुए टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। यह किसी भी फाइनेंशियल ईयर में भारतीयों द्वारा फॉरेन ट्रेवल पर सबसे अधिक खर्च है। इससे पहले फाइनेंशियल ईयर 2019-20 में फॉरेन ट्रैवल पर सबसे अधिक खर्च 7 अरब डॉलर था।
भारतीयों ने अकेले दिसंबर में यात्रा पर 1.137 अरब डॉलर खर्च किए
आरबीआई के आंकड़ों से पता चलता है कि भारतीयों ने अकेले दिसंबर 2022 में ट्रेवल पर 1.137 अरब डॉलर खर्च किए। इसके साथ FY23 में दिसंबर तक भारतीयों द्वारा फॉरेन ट्रेवल पर खर्च कुल पैसा 9.947 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
वहीं, इसमें एज्युकेशन, गिफ्ट और इन्वेस्टमेंट पर खर्च की गई विदेशी मुद्रा को जोड़ा जाए, तो विदेश भेजा गया कुल धन 19.354 अरब डॉलर बनता है।
हालांकि, जैसे-जैसे यात्रा पर खर्च बढ़ रहा है, भारतीय अब विदेश में रहने वाले अपने रिश्तेदारों पर कम खर्च कर रहे हैं। कुल विदेशी खर्च में रेमिटेंस की हिस्सेदारी फाइनेंशियल ईयर 2017-18 में 26 फीसदी से घटकर 2022-23 में 15 फीसदी रह गई है।
इक्विटी शेयरों में निवेश के लिए विदेश भेजा गया पैसा वित्त वर्ष 2017-18 से सालाना करीब 10 अरब डॉलर रहा है।