प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रविवार को छह नई वंदे भारत ट्रेनों (Vande Bharat Train) को हरी झंडी दिखाई। ये एक्सप्रेस ट्रेनें 24 राज्यों के 280 से अधिक जिलों को कवर करने के साथ रोजाना 120 यात्रा पूरी करेंगी।
इन नए ट्रेनों के चलने के साथ वन्दे भारत ट्रेनों का बड़ा 54 ट्रेन सेट से बढ़कर 60 हो गया। पीएम मोदी का टाटानगर से ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब दृश्यता और खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका।
इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, ”टाटानगर में आज जिन 6 ‘वंदे भारत’ को हरी झंडी दिखाई गई है, उनसे पूर्वी भारत में लोगों का सफर आसान होगा। इससे जहां औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।”
रेलवे ने एक बयान में कहा, “वंदे भारत पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार हो रहा है और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नई ट्रेन सेवाएं जोड़ी जा रही हैं।”
इन नए रूट्स पर फर्राटा भरेगी वन्दे भारत ट्रेन;
1) टाटानगर-पटना
2)भागलपुर-दुमका-हावड़ा
3) ब्रह्मपुर – टाटानगर
4)गया-हावड़ा
5)देवघर-वाराणसी
6) राउरकेला-हावड़ा
इन छह ट्रेनों के बारे में जानकारी:
टाटानगर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस: इसका परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा। इसके करीब सात घंटे में अपनी यात्रा पूरी करने की उम्मीद है। ट्रेन सुबह 6 बजे टाटानगर से रवाना होगी और दोपहर 1 बजे तक पटना पहुंचेगी, जबकि वापसी सेवा दोपहर 3 बजे पटना से रवाना होगी और रात 11 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
देवघर-वाराणसी मार्ग: यह सेवा बिहार में किउल-गया मार्ग से होकर जाएगी, जिसका स्टॉपेज नवादा में होगा। टाइम्स ऑफ इंडिया ने पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा के हवाले से बताया कि वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
टाटानगर-बरहामपुर: ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह ओडिशा के लिए चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस है।
भागलपुर-दुमका-हावड़ा: ट्रेन तीन राज्यों बिहार झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ेगी।
गया-हावड़ा: यह भी गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी।
बता दें कि यह विस्तार हाल ही में मेरठ से लखनऊ, मदुरै से बेंगलुरु और चेन्नई से नागरकोइल को जोड़ने वाले तीन अन्य वंदे भारत मार्गों के उद्घाटन के बाद हुआ है।