facebookmetapixel
Advertisement
Bharat PET IPO: ₹760 करोड़ जुटाने की तैयारी, सेबी में DRHP फाइल; जुटाई रकम का क्या करेगी कंपनीतेल, रुपये और यील्ड का दबाव: पश्चिम एशिया संकट से बढ़ी अस्थिरता, लंबी अनिश्चितता के संकेतवैश्विक चुनातियों के बावजूद भारतीय ऑफिस मार्केट ने पकड़ी रफ्तार, पहली तिमाही में 15% इजाफाJio IPO: DRHP दाखिल करने की तैयारी तेज, OFS के जरिए 2.5% हिस्सेदारी बिकने की संभावनाडेटा सेंटर कारोबार में अदाणी का बड़ा दांव, Meta और Google से बातचीतभारत में माइक्रो ड्रामा बाजार का तेजी से विस्तार, 2030 तक 4.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमानआध्यात्मिक पर्यटन में भारत सबसे आगे, एशिया में भारतीय यात्रियों की रुचि सबसे अधिकबांग्लादेश: चुनौतियों के बीच आजादी का जश्न, अर्थव्यवस्था और महंगाई बनी बड़ी चुनौतीपश्चिम एशिया संकट के बीच भारत सतर्क, रणनीतिक तेल भंडार विस्तार प्रक्रिया तेजGST कटौती से बढ़ी मांग, ऑटो और ट्रैक्टर बिक्री में उछाल: सीतारमण

तीसरे कार्यकाल की पहली सालगिरह पर केंद्र सरकार दिखाएगी 11 वर्षों का रिपोर्ट कार्ड

Advertisement

पत्र सूचना कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को उजागर करने वाली पुस्तिकाएं और पर्चे देश भर में वितरित किए जाएंगे।

Last Updated- June 03, 2025 | 11:38 PM IST
PM Modi

‘विकसित भारत का अमृत काल’ और ‘सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण’ के जरिये भारत में बदलाव के 11 वर्ष जैसे व्यापक विषयों के साथ केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बुधवार को 72 सदस्यीय मंत्रिपरिषद की बैठक करेगी। उसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए योजनाओं की शुरुआत की जाएगी।

प्रमुख मंत्रालय पिछले 12 महीनों के साथ-साथ 11 वर्षों की अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित करते हुए रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। 18वीं लोक सभा के लिए चुनाव नतीजे की घोषणा 4 जून को की गई थी जब प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद ने 9 जून को पद की शपथ ली थी।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार को सरकार की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रमों में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को प्रमुखता दी जाएगी। मगर केंद्र सरकार के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकारें भी पिछले 11 वर्षों की उपलब्धियों का बखान करेंगी। उसमें खास तौर पर किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों, मध्यवर्ग, वरिष्ठ नागरिकों, मछुआरों और श्रमिकों सहित समाज के हर वर्ग को कवर करने वाली कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा वामपंथी उग्रवाद के प्रभाव को कम करते हुए बाहरी खतरों का मुकाबला करने और रक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के प्रयासों को भी प्रमुखता दी जाएगी।

पत्र सूचना कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, सरकार की 11 साल की उपलब्धियों को उजागर करने वाली पुस्तिकाएं और पर्चे देश भर में वितरित किए जाएंगे। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संवाददाता सम्मेलन के साथ ही तमाम मंत्री एवं भाजपा पदाधिकारी देश भर में संवाददाता सम्मेलन करेंगे। प्रधानमंत्री 9 जून को विदेश दौरे पर गए सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत भी करेंगे।

भाजपा ने पार्टी इकाइयों से अपने-अपने राज्यों में ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान चलाने के लिए कहा है। इसका उद्देश्य केंद्र प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को नामांकित करना है, ताकि इन योजनाओं का पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।

केंद्र सरकार, भाजपा शासित राज्य सरकारें और भाजपा की राज्य इकाइयां 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस, 9 जून को सरकार की वर्षगांठ और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे प्रमुख कार्यक्रमों को भी उत्साह के साथ मनाएंगी। प्रधानमंत्री ने आज एक्स पर एक पोस्ट में कहा वह 21 जून को आंध्र प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए उत्सुक हैं।

अयोध्या में राम मंदिर परिसर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा 5 जून को की जाएगी। यह आयोजन गंगा दशहरा के त्योहार के साथ होगा। केंद्र के संस्कृति मंत्रालय ने सोमवार को पिछले 11 वर्षों के दौरान सरकार की उपलब्धियों की सूची जारी की। उसमें भारत के सांस्कृतिक पुनर्जन्म की बात कही गई है और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर एवं अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का उल्लेख किया गया।

मंगलवार को पीआईबी द्वारा जारी एक अन्य संकलन में बताया गया है कि किस प्रकार सरकार ने पिछले 11 वर्षों के दौरान विश्वविद्यालयों, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और कौशल विकास को प्रोत्साहित करके भारत के युवाओं को सशक्त किया है।

केंद्र और भाजपा की उपलब्धियों का एक प्रमुख पहलू पिछले 11 वर्षों में भारत की आर्थिक वृद्धि होगी। इसमें दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने तक का सफर बताया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, वित्त मंत्रालय प्रमुख फिनटेक कंपनियों के साथ बैठक सहित कई कार्यक्रमों की योजना बना रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में ‘सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ विषय पर आयोजित भाजपा की राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।

Advertisement
First Published - June 3, 2025 | 10:52 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement