facebookmetapixel
Reliance Jio के यूजर्स दें ध्यान! इन प्लान्स के साथ मिलेंगे Netflix, Amazon और JioHotstar फ्री, जानें डिटेल्सअगस्त में Equity MF में निवेश 22% घटकर ₹33,430 करोड़ पर आया, SIP इनफ्लो भी घटाटाटा शेयर को मिलेगा Gen-Z का बूस्ट! ब्रोकरेज की सलाह- खरीदें, 36% अपसाइड का ​टारगेटJ&K के किसानों को बड़ी राहत! अब रेलवे कश्मीर से सीधे दिल्ली पार्सल वैन से पहुंचाएगा सेब, ‍13 सितंबर से सेवा शुरूITR Filing 2025: क्या इनकम टैक्स रिटर्न में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड से हुई आय के बारे में बताना जरूरी है?मुश्किल में अदाणी! रिश्वत केस सुलझाने की कोशिश ठप, आखिर क्यों आई ऐसी नौबतUP: नए बिजली कनेक्शन के नियमों में बड़ा बदलाव, लगाए जाएंगे सिर्फ स्मार्ट प्रीपेड मीटरभारत पर लगने जा रहा था 100% टैरिफ? क्या हुई ट्रंप और EU के बीच बातचीतयूपी सरकार की नई पहल, कृषि‑पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘फार्म‑स्टे’ योजना₹10 से कम कीमत वाले ये 5 पैनी स्टॉक्स 48% तक दे सकते हैं रिटर्न, चार्ट पर दिखा ब्रेकआउट

लोकसभा चुनाव: महाराष्ट्र में 11 बजे तक सिर्फ 16 प्रतिशत पड़े वोट; पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा के क्या हाल

पश्चिम बंगाल के सात लोकसभा क्षेत्रों में पूर्वाह्न 11 बजे तक 32.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

Last Updated- May 20, 2024 | 1:07 PM IST
Lok Sabha elections: Fifth phase voting underway; 15.35 percent votes were cast in West Bengal, what is the condition of Bihar and Jharkhand? लोक सभा चुनाव: पांचवे चरण का मतदान जारी; पश्चिम बंगाल में 15.35 प्रतिशत पड़े वोट, बिहार, झारखंड का क्या हाल

5th Phase Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में महाराष्ट्र की 13 संसदीय सीटों पर सुबह ग्यारह बजे तक 15.93 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र के 13 निर्वाचन क्षेत्रों में भिवंडी में 14.79 प्रतिशत, धुले में 17.38 प्रतिशत, डिंडोरी में 19.50 प्रतिशत, कल्याण में 11.46 प्रतिशत, मुंबई उत्तर में 14.71 प्रतिशत, मुंबई उत्तर मध्य में 15.73 प्रतिशत, मुंबई उत्तर पूर्व में 17.01 प्रतिशत, मुंबई उत्तर पश्चिम में 17.53 प्रतिशत, मुंबई दक्षिण में 12.75 प्रतिशत, मुंबई दक्षिण मध्य में 16.69 प्रतिशत, नासिक में 16.30 प्रतिशत, पालघर में 18.60 प्रतिशत और ठाणे में 14.86 प्रतिशत मतदान हुआ।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि मुंबई महानगर क्षेत्र शिवसेना-भाजपा का गढ़ है, जहां सत्तारूढ़ गठबंधन सभी 10 सीट जीतेगा। इन 10 सीट में मुंबई की छह, ठाणे की तीन और पालघर की एक सीट शामिल है। शिंदे ने अपने परिवार के साथ ठाणे में एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे ने मुंबई के बांद्रा इलाके में एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का उपयोग किया।

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे और उनकी पत्नी शर्मिला ठाकरे ने मुंबई के दादर इलाके में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने दक्षिण मुंबई के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला।

मुंबई के कई हिस्सों में मतदान केंद्रों पर भारी भीड़ नजर आई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, उद्योगपति अनिल अंबानी और अभिनेता अक्षय कुमार सहित कई हस्तियों ने सुबह-सुबह ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन, उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाइक, अभिनेत्री जान्हवी कपूर, अभिनेता एवं फिल्म निर्माता फरहान अख्तर और मराठी थिएटर अभिनेता प्रशांत दामले ने भी शुरुआती घंटों में मतदान किया।

मशहूर अभिनेता अनुपम खेर, अनिल कपूर, अशोक सराफ, शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने भी मुंबई में अपना वोट डाला। जिला मतदान अधिकारियों ने बताया कि ठाणे शहर में कुछ मतदान केंद्रों पर ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (EVM) में खराबी की सूचना मिली थी हालांकि उन्हें तुरंत ही ठीक कर दिया गया।

मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट से शिवसेना के उम्मीदवार रवींद्र वायकर, शिवसेना के मुंबई दक्षिण-मध्य सीट के उम्मीदवार राहुल शेवाले और शिवसेना (UBT) के उनके प्रतिद्वंद्वी अनिल देसाई ने सुबह अपना वोट डाला। भाजपा के मुंबई उत्तर-पूर्व सीट के उम्मीदवार मिहिर कोटेचा, भिवंडी निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार कपिल पाटिल और शिवसेना (यूबीटी) के मुंबई दक्षिण सीट के उम्मीदवार अरविंद सावंत भी शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे। नासिक से शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार राजाभाउ वाजे ने भी मतदान के शुरुआती घंटों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

झारखंड में पूर्वाह्न 11 बजे तक 26.18 प्रतिशत मतदान

झारखंड की तीन लोकसभा सीट पर सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक करीब 26.18 प्रतिशत मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी। राज्य में यह दूसरे दौर का मतदान है। चतरा, हजारीबाग और कोडरमा लोकसभा सीट पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक चतरा सीट पर लगभग 26.01 प्रतिशत, हजारीबाग और कोडरमा सीट पर क्रमशः 25.45 प्रतिशत और 26.95 प्रतिशत मतदान हुआ।

उन्होंने बताया कि चतरा लोकसभा सीट से 22, कोडरमा से 15 और हजारीबाग से 17 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राज्य की इन तीन सीट पर 28.35 लाख महिलाओं सहित लगभग 58.34 लाख लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से 73 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा, 13 दिव्यांगों और 13 युवाओं द्वारा प्रबंधित किए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हजारीबाग लोकसभा सीट से मनीष जायसवाल और चतरा लोकसभा सीट से कालीचरण सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।

वहीं, कांग्रेस ने चतरा लोकसभा सीट से केएन त्रिपाठी और हजारीबाग से जय प्रकाश भाई पटेल को उम्मीदवार बनाया है। भाकपा (माले) लिबरेनशन ने कोडरमा लोकसभा सीट से विनोद कुमार सिंह को टिकट दिया है, जो बगोदर से विधायक हैं। कोडरमा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि लोगों में काफी उत्साह है और वे एक बार फिर भाजपा सरकार को चुनने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, ”मैं औद्योगिक गलियारे के माध्यम से कोडरमा के लोगों के लिए रोजगार सृजित करने और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने पर काम करूंगी।”

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने जनता से मतदान करने और देश की दिशा तय करने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) गांडेय विधानसभा उपचुनाव के अलावा राज्य की सभी 14 लोकसभा सीट पर जीत हासिल करेगा। चतरा से भाजपा उम्मीदवार कालीचरण सिंह ने भी चुनाव जीतने का विश्वास जताया।

पश्चिम बंगाल में 11 बजे तक सबसे ज्यादा मतदान

पश्चिम बंगाल के सात लोकसभा क्षेत्रों में पूर्वाह्न 11 बजे तक 32.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरामबाग (आरक्षित) संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 36.21 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद उलुबेराई में 33.98 प्रतिशत, हुगली में 33.78 प्रतिशत, बनगांव में (आरक्षित) में 31.81 प्रतिशत, श्रीरामपुर में 31.74 प्रतिशत, हावड़ा में 30.89 प्रतिशत और बैरकपुर में 29.99 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन कार्यालय (सीईओ) को चुनाव संबंधी 1,053 शिकायतें मिलीं। इस चरण में कुल 1,25,23,702 मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 63,51,320 पुरुष, 61,72,034 महिलाएं और 348 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इन सात लोकसभा सीट के लिए 13,481 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।

निर्वाचन आयोग ने 57 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है। करीब 30 हजार पुलिसकर्मियों के अलावा 60 हजार से अधिक केंद्रीय बल कर्मियों को तैनात किया गया है। राज्य की सात लोकसभा सीट पर कुल 88 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार बनगांव से मैदान में हैं। बनगांव लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और तृणमूल कांग्रेस के विश्वजीत दास के बीच मुकाबला है।

बिहार की पांच लोकसभा सीट पर 11 बजे तक लगभग 21.11 प्रतिशत मतदान

बिहार की पांच लोकसभा सीट मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, सारण और हाजीपुर के 95.11 लाख से अधिक मतदाताओं में से लगभग 21.11 प्रतिशत ने सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बिहार की इन पांच लोकसभा सीट पर सोमवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में 11 बजे तक क्रमशः 20.70 प्रतिशत, 22.37 प्रतिशत, 22.45 प्रतिशत, 20.75 प्रतिशत और 17.36 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

इन पांच लोकसभा सीट पर जिन 80 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा, उनमें सीतामढ़ी से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार और बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, हाजीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और सारण सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद की पुत्री रोहिणी आचार्य तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी शामिल हैं।

First Published - May 20, 2024 | 1:07 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट