facebookmetapixel
IT शेयरों में कोहराम: AI के बढ़ते प्रभाव से हिला निवेशकों का भरोसा, एक हफ्ते में डूबे ₹6.4 लाख करोड़NBFCs के लिए RBI की बड़ी राहत: ₹1000 करोड़ से कम संपत्ति वाली कंपनियों को पंजीकरण से मिलेगी छूटRBI Monetary Policy: रीपो रेट 5.25% पर बरकरार, नई GDP सीरीज आने तक ‘तटस्थ’ रहेगा रुखट्रंप ने फिर किया दावा: मैंने रुकवाया भारत-पाकिस्तान के बीच ‘परमाणु युद्ध’, एक दिन में दो बार दोहरायाइस्लामाबाद में बड़ा आत्मघाती हमला: नमाज के दौरान शिया मस्जिद में विस्फोट, 31 की मौतखरगे का तीखा हमला: पीएम के 97 मिनट के भाषण में कोई तथ्य नहीं, सवालों से भाग रही है सरकारलोक सभा में गतिरोध बरकरार: चीन का मुद्दा व सांसदों के निलंबन पर अड़ा विपक्ष, बजट चर्चा में भी बाधाडिजिटल धोखाधड़ी पर RBI का ऐतिहासिक फैसला: अब पीड़ितों को मिलेगा ₹25,000 तक का मुआवजाPariksha Pe Charcha 2026: PM मोदी ने छात्रों को दी सलाह- नंबर नहीं, स्किल व बेहतर जीवन पर दें ध्याननागालैंड में क्षेत्रीय प्राधिकरण के गठन को मिली त्रिपक्षीय मंजूरी, PM मोदी ने बताया ‘ऐतिहासिक’

Uttar Pradesh: खेती और लघु उद्योगों को मिलेगा 50% ज्यादा कर्ज

योगी सरकार के प्रयासों से कृषि, एमएसएमई और सेवा क्षेत्रों में तेज वृद्धि का अनुमान, ऋण-जमा अनुपात सुधारने पर जोर

Last Updated- November 28, 2024 | 9:37 PM IST
MSME growth

उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के योगी आदित्यनाथ सरकार के लक्ष्य को बड़ा बल देने के इरादे से चालू वित्त वर्ष में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को ऋण 5.73 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाए जाने का अनुमान है। यह साल भर पहले यानी वित्त वर्ष 2023-24 के 3.75 लाख करोड़ रुपये के उधारी आंकड़े के मुकाबले 50 फीसदी अधिक है।

राज्य सरकार का अनुमान है कि प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कृषि क्षेत्र में 250 फीसदी, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में 300 फीसदी और सेवा क्षेत्र में 450 फीसदी वृद्धि की आवश्यकता है। इसके लिए बैंकों को राज्य के भीतर ऋण-जमा अनुपात में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में 2017 में यह अनुपात 47 फीसदी था, जो 2023-24 में बढ़कर 60 फीसदी हो गया। योगी सरकार का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष के अंत तक इसे 65 फीसदी करने का है। ऋण-जमा अनुपात जितना अधिक होता है, उद्योग के लिए तरलता और धन की उपलब्धता भी उतनी ही अधिक होती है।

इस बीच राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा उत्तर प्रदेश के लिए तैयार स्टेट फोकस पेपर 2024-25 के मुताबिक चालू वित्त वर्ष में कृषि क्षेत्र को 2.46 लाख करोड़ रुपये और एमएसएमई क्षेत्र को 2.92 लाख करोड़ रुपये के कर्ज हासिल होंगे। इस तरह कृषि के लिए ऋण में पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 6 फीसदी इजाफा हो जाएगा। एमएसएमई को 2023-24 में 1.05 लाख करोड़ रुपये का ही ऋण हासिल हुआ था, इसलिए इस वित्त वर्ष में उसे 178 फीसदी अधिक ऋण मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश को निवेश का पसंदीदा ठिकाना बनाने और निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को ऋण-जमा अनुपात सुधारने का जिम्मा दिया गया है। इसके तहत आए निवेश के आधार पर ही संभाग आयुक्तों और जिलाधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट में टिप्पणी की जाती है। कारोबारी माहौल सुधरने और उद्योग के अनुकूल रुख बढ़ने के कारण पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में ऋण जमा अनुपात बढ़ा है।

औद्योगिक विकास के साथ तालमेल बिठाते हुए राज्य ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में भी खासी प्रगति की है, जिससे ऋण वृद्धि तेज हो रही है। कम ऋण जमा अनुपात वाले क्षेत्रों में जिलाधिकारी और आयुक्त को निवेश रणनीति तैयार करने के लिए कहा गया है। सरकार राज्य में संस्थागत ऋण को बढ़ावा देने के लिए कृषि, एमएसएमई, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों को भी उत्साहित कर रही है। एमएसएमई का प्रदेश के कुल औद्योगिक उत्पादन में 60 फीसदी और निर्यात में करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये योगदान है। निर्यात को 2-3 वर्षों में दोगुना किया जाएगा।

कृषि में रोजगार सृजन के लिए प्रदेश सरकार ने कृषि प्रौद्योगिकियों पर केंद्रित 1,000 स्टार्टअप तैयार करने की घोषणा की है। ये स्टार्टअप कृषि उत्पादन, मार्केटिंग, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और भंडारण पर ध्यान देंगी ताकि ग्रामीण आय बढ़ाई जा सके। राज्य ने कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को मजबूती देने तथा आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) एवं डेटा एनालिटिक्स पर आधारित आधुनिक सॉल्यूशन्स का फायदा उठाने के लिए इंटरनैशनल फाइनैंस कॉरपोरेशन (आईएफसी), विश्व बैंक जैसी संस्थाओं और गूगल जैसी वैश्विक दिग्गजों के साथ करार किया है।

इन सभी पहलों से उत्तर प्रदेश के ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के करीब 10 लाख मौके तैयार होने की संभावना है। राज्य कृषि-स्टार्टअप को जबरदस्त बढ़ावा दे रहा है और प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए स्मार्ट खेती तथा डिजिटल कृषि के जरिये खेती-बाड़ी को भी एआई से जोड़ रहा है।

First Published - November 28, 2024 | 9:37 PM IST

संबंधित पोस्ट