Stock Market Today: आईटी स्टॉक्स में तेजी के चलते भारतीय शेयर मंगलवार को बढ़त के साथ खुले, जबकि बिक्री के मासिक डेटा जारी होने के बाद चुनिंदा ऑटो कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) शुरुआती कारोबार में 348.1 अंक चढ़कर 84,647.88 पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) 96.75 अंक बढ़कर 25,907.60 पर पहुंच गया।
टॉप गेनर्स
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस और पावर ग्रिड के शेयर प्रमुख रूप से हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।
टॉप लूजर्स
दूसरी तरफ, एशियन पेंट्स (Asian Paints), जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील और टाइटन (Titan) के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है।
बाजार में आज तेजी की वजह ?
आईटी शेयरों में खरीदारी और जापानी बाजारों में रिकवरी के बीच, पिछले कारोबार में भारी गिरावट के बाद, बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ़्टी ने मंगलवार को शुरुआती कारोबार में वापसी की। अमेरिकी अर्थव्यवस्था के स्वास्थ्य पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की सकारात्मक टिप्पणी से भी आईटी कंपनियों में रुचि बढ़ी है।
वैश्विक बाजारों का क्या हाल ?
एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 फायदे में रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद हैं। चीन का शंघाई कम्पोजिट अवकाश के कारण आज और इस पूरे सप्ताह बंद रहेगा। अमेरिकी बाजार सोमवार को पॉजिटिव रुख के साथ बंद हुए थे।
विदेशी निवेशकों ने बेचें शेयर
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 9,791.93 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,645.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।