facebookmetapixel
Q3 Results: DLF का मुनाफा 13.6% बढ़ा, जानें Zee और वारी एनर्जीज समेत अन्य कंपनियों का कैसा रहा रिजल्ट कैंसर का इलाज अब होगा सस्ता! Zydus ने भारत में लॉन्च किया दुनिया का पहला निवोलुमैब बायोसिमिलरबालाजी वेफर्स में हिस्से के लिए जनरल अटलांटिक का करार, सौदा की रकम ₹2,050 करोड़ होने का अनुमानफ्लाइट्स कैंसिलेशन मामले में इंडिगो पर ₹22 करोड़ का जुर्माना, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हटाए गएIndiGo Q3 Results: नई श्रम संहिता और उड़ान रद्द होने का असर: इंडिगो का मुनाफा 78% घटकर 549 करोड़ रुपये सिंडिकेटेड लोन से भारतीय कंपनियों ने 2025 में विदेश से जुटाए रिकॉर्ड 32.5 अरब डॉलरग्रीनलैंड, ट्रंप और वैश्विक व्यवस्था: क्या महा शक्तियों की महत्वाकांक्षाएं नियमों से ऊपर हो गई हैं?लंबी रिकवरी की राह: देरी घटाने के लिए NCLT को ज्यादा सदस्यों और पीठों की जरूरतनियामकीय दुविधा: घोटालों पर लगाम या भारतीय पूंजी बाजारों का दम घोंटना?अवधूत साठे को 100 करोड़ रुपये जमा कराने का निर्देश 

सुस्त शेयर बाजार के बीच 2025 में डीमैट खातों की रफ्तार आधी, 3.06 करोड़ पर सिमटी

इसका मतलब है कि औसतन हर महीने 26 लाख नए खाते जुड़े। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष नए डीमैट खातों में 33 फीसदी की वृद्धि के मुकाबले 2025 में 17 फीसदी की ही बढ़ोतरी हुई

Last Updated- January 09, 2026 | 10:35 PM IST
Demat Account

शेयर बाज़ारों में सुस्त रिटर्न के कारण 2025 में डीमैट खातों की संख्या में बढ़ोतरी आधी रह गई। इस दौरान डीमैट खातों की संख्या में 3.06 करोड़ का इजाफा हुआ। इसका मतलब है कि औसतन हर महीने 26 लाख नए खाते जुड़े। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष नए डीमैट खातों में 33 फीसदी की वृद्धि के मुकाबले 2025 में 17 फीसदी की ही बढ़ोतरी हुई। पिछले वर्ष की तुलना में 17 फीसदी की इस बढ़त से डीमैट की कुल संख्या 21.6 करोड़ हो गई। डीमैट खातों का उपयोग शेयरों और अन्य प्रतिभूतियों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से रखने के लिए किया जाता है।

2025 में भारतीय शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। निवेशक कंपनियों की आय में गिरावट और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर अनिश्चितता से जूझते रहे। पिछले साल अमेरिका ने भारत पर 50 फीसदी दंडात्मक टैरिफ लगाया था और तब से बातचीत जारी है। फिर भी भारत के अनुकूल कोई सकारात्मक प्रगति नहीं हुई है।

2025 में बेंचमार्क सेंसेक्स में 9.06 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई जबकि निफ्टी 10.5 फीसदी बढ़ा। व्यापक निफ्टी मिडकैप 100 में 5.7 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 5.62 फीसदी की गिरावट आई। लेकिन सूचकांकों के ये रिटर्न व्यापक बाजार में आई भारी गिरावट की भयावह वास्तविकता को छिपाते हैं। शीर्ष 1,000 सूचीबद्ध शेयरों में से लगभग 60 फीसदी ने नकारात्मक रिटर्न दिया है।

जियोजित फाइनैंशियल सर्विसेज के कार्यकारी निदेशक सतीश मेनन ने कहा, डीमैट खातों की वृद्धि दो बातों पर निर्भर करती है। एक तो नए निवेशकों का बाजार में आना और दूसरा मौजूदा निवेशकों का एक ब्रोकर से दूसरे ब्रोकर में जाना। मुझे लगता है कि ब्रोकर बदलने का यह चलन पिछले साल कम हुआ। इसके अलावा, पिछले साल द्वितीयक बाजार बीच-बीच में गिरावट के दौर से गुजर रहे थे।

कोविड-19 के बाद से डीमैट खातों में भारी वृद्धि हुई है। इसका मुख्य कारण खाता खोलने की सरल प्रक्रिया, स्मार्टफोन का व्यापक उपयोग और अनुकूल बाजार प्रतिफल है। पिछले पांच वर्षों में डीमैट खातों की संख्या चार गुना से अधिक हो गई है, जो 2020 में 5 करोड़ से बढ़कर 2025 में 21.6 करोड़ हो गई।

सोअरिंग पीक्स कैपिटल के संस्थापक प्रकाश गगडानी ने कहा, मांग खातों के मामले में हमारी पैठ पहले से ही अच्छी है और ग्राहक हासिल करने के लिए बड़े ब्रोकरों के अतिरिक्त खर्च करने का फायदा नहीं हो रहा है। इसलिए, ग्राहक जुटाने से सीधा लाभप्रदता पर असर हुआ है। ब्रोकरों की लाभप्रदता में दो समस्याएं हैं। एक तो बाजार की स्थितियों के कारण समग्र कारोबार कम है और दूसरी अधिग्रहण लागत बढ़ गई है।

डीमैट खातों की वृद्धि के लिए एकमात्र सकारात्मक पहलू 2025 में सार्वजनिक पेशकशों (आईपीओ) में तेजी आना थी। पिछले वर्ष 103 कंपनियों ने आईपीओ के माध्यम से 1.75 लाख करोड़ रुपये जुटाए। बड़ी संख्या में निवेशक मूल रूप से आईपीओ में भाग लेने के लिए डीमैट खाते खोलते हैं। निवेशक अपने परिवार के सदस्यों के भी नए डीमैट खाते खोलते हैं ताकि आईपीओ में आवंटन की संभावनाएं बढ़ जाएं। आने वाले समय में डीमैट खातों की वृद्धि इक्विटी से बेहतर रिटर्न पर निर्भर करेगी।

मेनन ने कहा, पिछले चार वर्षों में डीमैट खातों में भारी उछाल आई है। हो सकता है कि यह कुछ समय के लिए स्थिर हो जाए और फिर एक और उछाल आए। भारत में इक्विटी में सीधे निवेश करने वालों की संख्या कुल जनसंख्या के मुकाबले अन्य देशों की तुलना में कम है। अगले साल डीमैट खातों में उतनी वृद्धि नहीं भी हो सकती है क्योंकि हम बेंचमार्क सूचकांकों में 10-12 फीसदी की वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।

First Published - January 9, 2026 | 10:29 PM IST

संबंधित पोस्ट