facebookmetapixel
प्रीमियम स्कूटर बाजार में TVS का बड़ा दांव, Ntorq 150 के लिए ₹100 करोड़ का निवेशGDP से पिछड़ रहा कॉरपोरेट जगत, लगातार 9 तिमाहियों से रेवेन्यू ग्रोथ कमजोरहितधारकों की सहायता के लिए UPI लेनदेन पर संतुलित हो एमडीआरः एमेजॉनAGR बकाया विवाद: वोडाफोन-आइडिया ने नई डिमांड के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख कियाअमेरिका का आउटसोर्सिंग पर 25% टैक्स का प्रस्ताव, भारतीय IT कंपनियां और GCC इंडस्ट्री पर बड़ा खतरासिटी बैंक के साउथ एशिया हेड अमोल गुप्ते का दावा, 10 से 12 अरब डॉलर के आएंगे आईपीओNepal GenZ protests: नेपाल में राजनीतिक संकट गहराया, बड़े प्रदर्शन के बीच पीएम ओली ने दिया इस्तीफाGST Reforms: बिना बिके सामान का बदलेगा MRP, सरकार ने 31 दिसंबर 2025 तक की दी मोहलतग्रामीण क्षेत्रों में खरा सोना साबित हो रहा फसलों का अवशेष, बायोमास को-फायरिंग के लिए पॉलिसी जरूरीबाजार के संकेतक: बॉन्ड यील्ड में तेजी, RBI और सरकार के पास उपाय सीमित

Forbes 2024: अंबानी टॉप पर, अदाणी को बड़ी बढ़त, देखें भारत के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट

भारत के सबसे अमीर उद्योगपतियों की संपत्ति ने 1 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया

Last Updated- October 10, 2024 | 10:57 PM IST
Ambani-Adani

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने एक बार फिर फोर्ब्स की 2024 की भारत के 100 सबसे अमीर उद्योगपतियों की लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति में 27.5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। अब उनकी कुल संपत्ति 119.5 अरब डॉलर हो गई है, जिससे वह न केवल भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं, बल्कि 2024 में डॉलर के हिसाब से दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा कमाई करने वाले व्यक्ति भी हैं। इसके साथ ही वह दुनिया के 13वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

मुकेश अंबानी ने हाल ही में रिलायंस के निवेशकों को दिवाली पर बोनस शेयर की घोषणा की, जिससे उनकी भारत के कॉर्पोरेट जगत में पकड़ और मजबूत हो गई है। इसके साथ ही उन्होंने अपने छोटे बेटे अनंत अंबानी की कंपनी में योगदान की भी सराहना की।

अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी, जो 2024 की लिस्ट में सबसे बड़े गेनर बनकर उभरे हैं और मुकेश अंबानी के करीब पहुंच रहे हैं। उनकी संपत्ति में 48 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, जिससे उनकी कुल संपत्ति 116 अरब डॉलर हो गई है। यह उछाल 2023 में हुए हिंडनबर्ग रिसर्च विवाद से उबरने के बाद आया है। अदाणी ने परिवार के सदस्यों को प्रमुख पदों पर नियुक्त करके अपने व्यापारिक साम्राज्य को और मजबूत किया है।

भारत के सबसे अमीर उद्योगपतियों की संपत्ति ने 1 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया

इस साल भारत के सबसे धनी व्यक्तियों के धन में तेज बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि पहली बार टॉप 100 अमीरों की सामूहिक संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक हो गई है। फोर्ब्स के अनुसार, इनकी कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई, जो 2023 में 799 अरब डॉलर से 40 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से शेयर बाजार के मजबूत प्रदर्शन के कारण है, जहां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) सेंसेक्स पिछले साल से 30 प्रतिशत बढ़ा है।

फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, “इसका परिणाम यह हुआ है कि लिस्ट में शामिल 80 प्रतिशत से अधिक लोग और अमीर हो गए हैं, जिनमें से 58 व्यक्तियों ने अपनी संपत्ति में 1 अरब डॉलर या उससे अधिक का इजाफा किया है।”

ओपी जिंदल ग्रुप की मुखिया सावित्री जिंदल ने फोर्ब्स की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंचते हुए एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी संपत्ति 43.7 अरब डॉलर हो गई है, जो पिछले साल की तुलना में 19.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी है। उनके बेटे सज्जन जिंदल भी एमजी मोटर के साथ साझेदारी कर इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में कदम उठा रहे हैं, जिससे वह सुर्खियों में बने हुए हैं।

चौथे स्थान पर टेक्नोलॉजी क्षेत्र के दिग्गज शिव नादर हैं, जिनकी कुल संपत्ति 40.2 अरब डॉलर है। यह उनकी टेक इंडस्ट्री में निरंतर सफलता को दर्शाता है। जिंदल और नादर उन चुनिंदा छह उद्योगपतियों में शामिल हैं, जिन्होंने इस साल अपनी संपत्ति में 10 अरब डॉलर से अधिक की वृद्धि दर्ज की है।

फार्मा क्षेत्र ने भारत के अमीरों की संपत्ति में प्रमुख योगदान दिया है, जिसमें सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के संस्थापक दिलीप संघवी ने फोर्ब्स की लिस्ट में पांचवां स्थान हासिल किया है। उनकी संपत्ति 2023 में 19 अरब डॉलर से बढ़कर 32.4 अरब डॉलर हो गई है। वहीं, टॉरेंट फार्मास्युटिकल्स के प्रमुख सुधीर और समीर मेहता की संपत्ति दोगुनी होकर 16.3 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। उनकी इस सफलता का कारण टॉरेंट का विस्तार और नई अधिग्रहण योजनाएं मानी जा रही हैं।

2024 की फोर्ब्स लिस्ट में नए अरबपतियों की एंट्री ने भी हलचल मचाई है। इस साल चार नए अरबपति लिस्ट में शामिल हुए हैं, जिनमें हेटेरो लैब्स के संस्थापक बी पार्था सारथी रेड्डी 81वें स्थान पर हैं, जिनकी कुल संपत्ति 3.95 अरब डॉलर है। बायोलॉजिकल ई की प्रमुख महिमा दतला 100वें स्थान पर हैं, जिनकी संपत्ति 3.3 अरब डॉलर है। अन्य प्रमुख नए नामों में शाही एक्सपोर्ट्स के हरीश आहूजा और प्रीमियर एनर्जी के सुरेंदर सलूजा शामिल हैं।

पहली बार, गोदरेज परिवार की संपत्ति दो हिस्सों में बंटने के कारण लिस्ट में दो अलग जगह दिखाई गई है।

फोर्ब्स एशिया की एशिया वेल्थ एडिटर और इंडिया एडिटर नाज़नीन कर्मली ने कहा, “भारत के उभरते हुए शेयर बाजारों ने देश के सबसे धनी उद्योगपतियों को भारी लाभ दिया है, जिससे उनकी संपत्ति नई ऊंचाइयों पर पहुंची है। भारत की कहानी पर निवेशकों के उत्साह ने इस वृद्धि को और अधिक बढ़ावा दिया, जिसके परिणामस्वरूप भारत के 100 सबसे अमीर व्यक्तियों की संयुक्त संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर को पार कर गई है।”

फोर्ब्स की प्रतिष्ठित लिस्ट में शामिल होने के लिए 2024 में प्रवेश सीमा काफी बढ़ गई है। कटऑफ 2023 के 2.3 अरब डॉलर से बढ़कर 2024 में 3.3 अरब डॉलर हो गया है, जिसके कारण 11 अरबपति इस लिस्ट से बाहर हो गए हैं।

2024 में भारत के टॉप 10 सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट इस प्रकार है:

मुकेश अंबानी: 119.5 अरब डॉलर
गौतम अदाणी: 116 अरब डॉलर
सावित्री जिंदल: 43.7 अरब डॉलर
शिव नादर: 40.2 अरब डॉलर
दिलीप संघवी: 32.4 अरब डॉलर
राधाकिशन दमानी: 31.5 अरब डॉलर
सुनील मित्तल: 30.7 अरब डॉलर
कुमार बिड़ला: 24.8 अरब डॉलर
साइरस पूनावाला: 24.5 अरब डॉलर
बजाज परिवार: 23.4 अरब डॉलर

First Published - October 10, 2024 | 2:57 PM IST

संबंधित पोस्ट