facebookmetapixel
Advertisement
RCB की बिक्री से शेयरहोल्डर्स की बल्ले-बल्ले! USL दे सकती है ₹196 तक का स्पेशल डिविडेंडतेल में बढ़त से शेयर और बॉन्ड में गिरावट; ईरान का अमेरिका के साथ बातचीत से इनकारगोल्डमैन सैक्स ने देसी शेयरों को किया डाउनग्रेड, निफ्टी का टारगेट भी घटायाकिधर जाएगा निफ्टीः 19,900 या 27,500; तेल और भू-राजनीति तनाव से तय होगा रुखसंघर्ष बढ़ने के भय से कच्चे तेल में 4% की उछाल, कीमतें एक बार फिर 100 डॉलर के पारGold Rate: तेल महंगा होने से सोना 2% फिसला, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोरEditorial: दिवालिया समाधान से CSR और ऑडिट सुधार तक बड़े बदलावसरकारी बैंकों में प्रमोशन के पीछे की कहानी और सुधार की बढ़ती जरूरत​युद्ध और उभरती भू-राजनीतिक दरारें: पश्चिम एशिया संकट ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को झकझोर दियापीएम मोदी 28 मार्च को करेंगे जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन; यूपी में पर्यटन, उद्योग और लॉजिस्टिक्स को नई उड़ान

Year Ender: शुभांशु शुक्ला, जोहरान ममदानी से मिग-21 तक; फलक पर चमके नए नाम तो कुछ का आखिरी सलाम

Advertisement

ऐतिहासिक उपलब्धियों से नेतृत्व परिवर्तन और विरासत की लड़ाई से सांस्कृतिक मंथन तक विभिन्न मोर्चों पर साल को नई दिशा देने वाली हस्तियां....

Last Updated- December 29, 2025 | 9:48 PM IST
Shubhanshu Shukla
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला स्पेसएक्स के एक्सिओम मिशन-4 से वापस लौटने के बाद | फाइल फोटो

इस साल 26 जून को भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला स्पेसएक्स के फॉल्कन 9 पर एक्सिओम मिशन-4 के लिए अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय बने। चालक दल के साथ शुक्ला ने कई प्रयोग किए जिनमें से सात इसरो ने तैयार किए थे। अंतरिक्ष से भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा को उद्धृत करते हुए शुक्ला ने कहा, ‘आज का भारत सारे जहां से अच्छा दिखता है’। उनके 18 दिनों की अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव से भारत के 2027 के लिए निर्धारित अपने मानव मिशन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

न्यूयॉर्क का नया दांव

अमेरिकी राजनीति में उस समय एक बड़ी उथल-पुथल दिखी जब न्यूयॉर्क शहर ने किसी पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम जोहरान ममदानी को मेयर के रूप में चुना। ममदानी पिछले लगभग 100 वर्षों में सबसे कम उम्र के मेयर बनने वाले व्यक्ति भी हैं।

भारतीय मूल के माता-पिता, शिक्षाविद महमूद ममदानी और फिल्म निर्माता मीरा नायर के पुत्र एवं डेमोक्रेटिक पार्टी से ताल्लुक रखने वाले ममदानी ने किफायती आवास पर केंद्रित चुनाव अभियान के बाद न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो को हराया। तीखे राजनीतिक मतभेदों के बावजूद ममदानी और अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने नवंबर में एक सौहार्दपूर्ण बैठक कर सबको हैरान कर दिया।

बड़ी जीत, बड़ा विरोधी

वेनेजुएला में विपक्ष की नेता मारिया कोरिना मचाडो को 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। यह पुरस्कार उन्हें 2013 से राष्ट्रपति निकोलस मदुरो के शासन के खिलाफ और लोकतंत्र के लिए उनकी लंबी लड़ाई के लिए दिया गया। अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भी यह पुरस्कार हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। 11 महीनों तक भूमिगत रहने के लिए विवश मचाडो समारोह के लिए ओस्लो पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही चूक गईं। उन्होंने यह पुरस्कार ‘वेनेजुएला के पीड़ित लोगों और राष्ट्रपति ट्रंप को समर्पित किया।’

नए चेहरे

न्यायाधीश सूर्यकांत ने न्यायाधीश बी आर गवई के सेवानिवृत्त होने के बाद भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में 14 महीने का कार्यकाल शुरू किया। इस वर्ष में प्रमुख नियामकीय फेरबदल भी देखे गए। तुहिन कांत पांडेय फरवरी में सेबी अध्यक्ष नियुक्त किए गए। शिवसुब्रमण्यम रामन पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण के प्रमुख बने और पूर्व वित्त सचिव अजय सेठ भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बनाए गए।

पोप की शोकाकुल विदाई

कैथलिक चर्च का नेतृत्व करने वाले पोप फ्रांसिस का 21 अप्रैल को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके सम्मान में लगभग 4,00,000 शोक संतप्त लोग रोम की सड़कों पर खड़े हो गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप सहित तमाम नेताओं ने अंतिम संस्कार में भाग लिया। रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट 9 मई को नए पोप चुने गए, जो इस पद पर आने वाले पहले अमेरिकी पादरी हैं।

वांगचुक हिरासत में

10 सितंबर को कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची के विस्तार की अपनी मांगों के साथ 35 दिनों की भूख हड़ताल शुरू की। 26 सितंबर को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पों में चार लोगों की मौत के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया। वांगचुक की रिहाई की मांग की जा रही है और वह फिलहाल जोधपुर जेल में बंद हैं।

जब प्राडा ने पहनी कोल्हापुरी

मिलान के रनवे पर जो शुरू हुआ वह 6,600 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गूंजा। प्राडा के समर 2026 मेन्स वियर कलेक्शन में जीआई-टैग वाली कोल्हापुरी चप्पलों से मिलती-जुलती फुटवियर प्रदर्शित की गई थी। सांस्कृतिक विनियोग का आरोप लगने के बाद इटली की लग्जरी ब्रांड प्राडा ने जुलाई में कारीगरों के साथ जुड़ने के लिए कोल्हापुर में एक टीम भेजी। प्राडा  ने तब से महाराष्ट्र और कर्नाटक के शिल्पकारों के साथ एक सीमित-संस्करण संग्रह के लिए सहयोग की घोषणा की है।

मिग-21 की अंतिम उड़ान

भारतीय वायु सेना ने 26 सितंबर को चंडीगढ़ एयरबेस पर अपने प्रतिष्ठित मिकोयान-गुरेविच 21 (मिग-21) को सेवामुक्त कर दिया। इसके साथ ही इस विमान की 62 वर्षों की सेवा समाप्त हो गई। सोवियत संघ के काल में तैयार इस सुपरसोनिक लड़ाकू विमान ने 1960 के दशक से लेकर 2019 के बालाकोट हवाई हमले तक के संघर्षों में अहम भूमिका निभाई। मगर बार-बार होने वाली दुर्घटनाग्रस्त होने से इसकी विरासत पर दाग भी लगे जिस वजह से इसे ‘उड़ता हुआ ताबूत’ भी कहा जाने लगा था।

उत्तराधिकार विवाद

सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का 12 जून को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन के बाद लगभग 30,000 करोड़ रुपये की कंपनी और एक उत्तराधिकार विवाद शुरू हो गया। उनकी मृत्यु के बाद उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और उनके बेटे अजारियस अहम लाभार्थी नामित किए गए। उनकी कथित वसीयत को उनकी मां रानी कपूर और उनकी दो संतानों समायरा और कियान (करिश्मा कपूर से विवाह से हुईं संतानें) ने चुनौती दी। मामला फिलहाल चल रहा है।

बाधाओं को पीछे छोड़ा

प्रिया नायर ने रोहित जावा की जगह हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक  का पद संभाला। इस तरह, वह 92 वर्षों के कंपनी के इतिहास में नेतृत्व संभालने वाली पहली महिला बनीं। 1995 से यूनिलीवर में लंबा अनुभव हासिल कर चुकीं नायर ने 2022 में ब्यूटी ऐंड वेलबीइंग कारोबार की मुख्य विपणन अधिकारी के रूप में अपनी वैश्विक नियुक्ति से पहले ब्रांड और श्रेणी भूमिकाओं में नाम कमाया।

मस्क के कारोबारी सितारे बुलंद

ईलॉन मस्क का राजनीतिक दांव हिचकोले खा गया मगर उनका कारोबारी भाग्य चमकता गया। टेस्ला के शेयरधारकों ने 75 प्रतिशत वोटों के समर्थन से 1 लाख करोड़ डॉलर के मूल्य के प्रदर्शन संबंधी मुआवजा रकम को मंजूरी दे दी। यह किसी मुख्य कार्यकारी अधिकारी के लिए अभूतपूर्व प्रावधान था। लगभग 600 अरब डॉलर संपत्ति के साथ मस्क दुनिया के पहले खरबपति बनने की राह पर हैं।

बफेट ने सौंपी कमान

बर्कशर हैथवे के शेयरधारकों को वॉरेन बफेट के सालाना पत्र में इस वर्ष एक अप्रत्याशित संदेश था। छह दशकों तक शीर्ष पर रहने के बाद बफेट ने उपाध्यक्ष ग्रेग एबेल को नेतृत्व सौंप दिया। बफेट ने 1965 में संघर्षरत कपड़ा कंपनी खरीदी थी और बर्कशर हैथवे को एक लाख करोड़ डॉलर के समूह में बदल दिया था।

Advertisement
First Published - December 29, 2025 | 9:41 PM IST

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement
Advertisement