कादरी के 154 गेंद में 17 चौकों से बनाए नाबाद 101 रन की मदद से हैदराबाद ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 355 रन बनाकर घोषित की और मेजबान टीम को 297 रन का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे हिमाचल ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम सिर्फ 111 रन पर ढेर हो गई। टीम की ओर से पारस डोगरा ने सर्वाधिक 37 रन बनाए जबकि अन्य कोई बल्लेबाज 20 रन तक भी नहीं पहुंच पाया।
हैदराबाद की ओर से रवि किरण ने 42 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि प्रग्यान ओझा और अल्फे्रड एब्सोलेम ने दो दो विकेट हासिल किए।
इससे पहले हैदराबाद की टीम आज सात विकेट पर 319 रन से आगे खेलने उतरी और कप्तान अक्षत रेड्डी ने कादरी का शतक पूरा होने के तुरंत बाद पारी घोषित कर दी। कादरी के अलावा डीबी रवि तेजा ने भी 73 रन बनाए।
पहली जीत दर्ज करने वाले हैदराबाद को इस मैच से छह अंक मिले और उसके चार मैचों में 11 अंक हो गए हैं। हिमाचल हार के बावजूद चार मैचों में 16 अंक के साथ शीर्ष पर है।