PepsiCo New India Chief: खाद्य एवं पेय पदार्थ कंपनी पेप्सिको (PepsiCo) ने शुक्रवार को भारत में नए नेतृत्व का ऐलान किया है। कंपनी ने जागृत कोटेचा (Jagrut Kotecha) को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के रूप में भारतीय कारोबार का नेतृत्व करेंगे, जबकि अहमद अल शेख पश्चिम एशिया व्यापार इकाई का प्रभार संभालेंगे।
पेप्सिको की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, कोटेचा अफ्रीका, मध्य-पूर्व और दक्षिण अफ्रीका (AMESA) के वर्तमान मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी हैं। वह अहमद अल शेख का स्थान लेंगे।
बयान के अनुसार, ‘‘नेतृत्व में यह बदलाव पेप्सिको के दूरदर्शी वैश्विक दृष्टिकोण को दर्शाता है…एएमईएसए में नेतृत्व स्तर पर बदलाव की जानकारी गुरुवार को भारतीय कार्यालय के कर्मचारियों को दी गई। ’’
यह भी पढ़ें: HCL समूह के साथ साझेदारी करेगी फॉक्सकॉन
पेप्सिको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (अफ्रीका, पश्चिम एशिया एवं दक्षिण एशिया) यूजीन विलेम्सन ने कहा कि भारत कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है, जो हमारी वैश्विक रणनीति में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले छह साल में अहमद ने व्यवसाय को बदलने, नवाचार को आगे बढ़ाने और चुनौतीपूर्ण परिदृश्यों में दल का नेतृत्व करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। नई भूमिका में उनके साथ काम करने को उत्साहित हूं।
कोटेचा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने भारतीय उपभोक्ताओं के साथ उनके नेतृत्व में सफलता की नई ऊंचाइयों को छूना जारी रखेंगे।’’
यह भी पढ़ें: टाटा कम्युनिकेशंस ने वोडाफोन आइडिया को भेजा नोटिस
पेप्सिको के पास पेप्सी, लेज़, कुरकुरे, ट्रॉपिकाना 100%, गेटोरेड और क्वेकर जैसे ब्रांड हैं। इसने 1989 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया जो यहां अब सबसे बड़े खाद्य तथा पेय व्यवसायों में से एक है।