होटल और यात्रा प्रौद्योगिकी कंपनी ओयो (OYO) को उम्मीद है कि 2022-23 में उसकी आय 75.1 करोड़ डॉलर रह सकती है। कंपनी के संस्थापक और समूह CEO रितेश अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए अपने कर्मचारियों से कहा कि इसके साथ ही कंपनी पहली बार एक पूरे साल में परिचालन लाभ दर्ज करने की राह पर है।
जानकारी के मुताबिक इस सप्ताह आयोजित एक कार्यक्रम में अग्रवाल ने कर्मचारियों को बताया कि महामारी की चुनौतियों पर काबू पाने के बाद कंपनी धीरे-धीरे अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने में सफल रही है।
उन्होंने ‘टाउनहॉल’ में कर्मचारियों को एक प्रस्तुति के जरिए बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 में उसकी आय 75.1 करोड़ डॉलर रहेगी, जो वित्त वर्ष 2021-22 के 62.9 करोड़ डॉलर के मुकाबले 19 फीसदी अधिक है। इस बारे में टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर ओयो के प्रवक्ता ने कुछ कहने से इनकार किया।