मुख्य सामग्री पर जाएं
बिज़नेस स्टैंडर्ड

Yamuna Water Level: खतरे के निशान पर यमुना, पुराना रेल पुल फिर बंद

यमुना नदी का जलस्तर सोमवार सुबह खतरे से निशान 205.33 मीटर से एक मीटर से अधिक ऊपर रहा, जिसके कारण प्राधिकारियों ने ‘ओल्ड रेलवे ब्रिज’ (ओआरबी) पर रेलगाड़ियों का आवागमन रोक दिया। ओआरबी पर नदी का जलस्तर 13 जुलाई को…

Yamuna water level

File Photo: Yamuna water level below danger mark

Last Updated: जुलाई 24, 2023 | 11:09 PM IST

यमुना नदी का जलस्तर सोमवार सुबह खतरे से निशान 205.33 मीटर से एक मीटर से अधिक ऊपर रहा, जिसके कारण प्राधिकारियों ने ‘ओल्ड रेलवे ब्रिज’ (ओआरबी) पर रेलगाड़ियों का आवागमन रोक दिया। ओआरबी पर नदी का जलस्तर 13 जुलाई को 208.66 मीटर के अब तक के सर्वाधिक ऊंचे स्तर पर पहुंचने के बाद कुछ दिन से खतरे के निशान के आस-पास है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद हथिनीकुंड बैराज से नदी में पानी छोड़े जाने के बाद यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ओआरबी पर रेलगाड़ियों का परिचालन यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण निलंबित कर दिया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘दिल्ली और शाहदरा के बीच मार्ग बंद रहेगा और रेलगाड़ियों को नई दिल्ली के रास्ते भेजा जाएगा।’ अधिकारियों के मुताबिक, नदी के जलस्तर में वृद्धि से राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़ प्रभावित निचले इलाकों में राहत एवं पुनर्वास के काम पर असर पड़ सकता है।

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के अनुसार, यमुना का जलस्तर शनिवार रात 10 बजे 205.02 मीटर से बढ़कर रविवार देर रात तीन बजे 206.57 मीटर पर पहुंच गया।, जिसके बाद इसमें गिरावट आने लगी। आंकड़ों के मुताबिक, जलस्तर सोमवार सुबह आठ बजे 206.54 मीटर दर्ज किया गया, जिसके अपराह्न दो बजे तक गिरकर 206.42 मीटर पहुंचने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। सीडब्ल्यूसी के आंकड़ों के मुताबिक, यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज में जल प्रवाह की दर शनिवार सुबह नौ बजे एक लाख के आंकड़े के पार चली गई और सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच दो लाख से 2.5 लाख क्यूसेक के बीच रही।

मुंबई: भारी बारिश, आईएमडी ने ‘येलो’ अलर्ट जारी किया

मुंबई में पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर भारी बारिश हुई और मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताते हुए शहर के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार सुबह आठ बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि में मुंबई और पूर्वी एवं पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: औसतन 58.42 मिलीमीटर, 69.15 मिलीमीटर और 70.41 मिलीमीटर बारिश हुई। सुबह मुंबई में कुछ जगहों पर हल्की वर्षा या रुक-रुककर भारी वर्षा हुई, जबकि कुछ जगहों पर बारिश नहीं हुई।

कर्नाटक में भारी बारिश के कारण बाढ़ की आशंका

दक्षिण पश्चिम मॉनसून के कारण कर्नाटक में बाढ़ का खतरा है और भारी बारिश के बाद कई छोटी नदियां उफान पर हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने नौ जिलों बेलगावी, धारवाड़, उत्तर कन्नड़, हावेरी, हासन, शिवमोगा, उडुपी, दक्षिण कन्नड़ और कोडागु में आज स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश की घोषणा की गई।

मौसम विभाग ने तीन तटीय जिलों उडुपी, दक्षिण कन्नड़ और उत्तर कन्नड़ के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में अस्थायी रूप से बाधित होने, यातायात जाम होने और ‘कच्ची’ एवं असुरक्षित संरचनाओं को नुकसान होने की आशंका है।

विभाग के अनुसार चिक्कमगलुरु, कोडागु, शिमोगा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ की घोषणा की गई है, जबकि बेलगावी, हावेरी, कलबुर्गी, विजयपुरा और हासन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

Advertisement