Business Standard
Advertisement
Alpine Texworld IPO: ₹126 करोड़ का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुला; निवेश से पहले जानें प्राइस, लॉट साइज, GMP और अहम डिटेल्सSBI Funds IPO: आज से सब्सक्रिप्शन खुला, ग्रे मार्केट से क्या है संकेत? एंकर निवेशकों से जुटाए ₹2,663 करोड़Hormuz Attack: होर्मुज में UAE के दो टैंकरों पर ईरानी मिसाइल हमला; एक भारतीय की मौत, 6 भारतीय घायलShriram Finance से PNB Housing तक: NBFC सेक्टर की वापसी तय? ब्रोकरेज ने चुने ये 19 पसंदीदा शेयरGold-Silver Price Today: सोना हुआ महंगा, चांदी भी चमकी! जानिए MCX और ग्लोबल मार्केट में आज का ताजा भावपुरानी कारों की खरीद-बिक्री का बाजार तेजी से हो रहा डिजिटल, आगे की ग्रोथ स्टोरी और दिलचस्पStock Market Update: बाजार में शानदार रिकवरी! सेंसेक्स ने दिन के निचले स्तर से 300 अंक की लगाई छलांग, निफ्टी 24,100 के पार; Welspun Corp के शेयर 4% चढ़ेहोर्मुज संकट के बीच तेल में फिर उछाल, WTI 79 डॉलर और ब्रेंट 84 डॉलर के पार; प्लैटिनम में दबावStocks to Buy Today: कोटक सिक्योरिटीज ने बताए 2 दमदार शेयर, जानें टारगेट प्राइस और निवेश की वजहInsurance Stocks: SBI Life से LIC तक… किस इंश्योरेंस कंपनी ने जून तिमाही में की सबसे ज्यादा कमाई?
अन्य समाचार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने छोड़ी कांग्रेस, भाजपा में जाने की संभावना
'

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने छोड़ी कांग्रेस, भाजपा में जाने की संभावना

PTI

- March,11 2020 4:13 AM IST

10 मार्च (भाषा) ग्वालियर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया का कांग्रेस छोड़ना और उनके भाजपा में शामिल होने की ओर बढ़ना अपनी दादी विजयराजे सिंधिया के नक्शे कदम पर चलते हुए ‘‘घर वापसी’’ करने जैसा है। उनकी बुआ का यही मानना है।

उनके पिता ने भी जनसंघ से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।

नाटकीय घटनाक्रम में सिंधिया (49) का इस्तीफा आना कांग्रेस के अंदर प्रौढ़ एवं युवा नेता के बीच सत्ता संघर्ष के दौरान पार्टी के अपना घर संभाल पाने में नाकाम रहने को दर्शाता है।

ज्योतिरादित्य का मानना है कि वह कांग्रेस में जिस चीज के हकदार थे उन्हें वह नहीं मिला। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे अपने इस्तीफा पत्र में कहा, ‘‘इसलिए, अब मेरे लिए आगे बढ़ने का वक्त आ गया है।’’

उनका इस्तीफा ऐसे वक्त आया है जब उनके दिवंगत पिता माधवराव सिंधिया की 75 वीं जयंती है। माधवराव सिंधिया ने अपना संगठन बनाने के लिए 1996 में कांग्रेस छोड़ दी थी।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक ज्योतिरादित्य का इस्तीफा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक है।

मंगलवार सुबह जब पूरा देश होली का जश्न मना रहा था, तभी उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की।

मुलाकात में क्या बातचीत हुई, इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं कहा गया है। हालांकि, भाजपा सूत्रों ने कहा कि सिंधिया से लंबी बातचीत करने का भगवा पार्टी के दोनों शीर्ष नेताओं का फैसला इस बात को दर्शाता है कि वे उन्हें (सिंधिया को) कितना महत्व देते हैं।

मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे राजनीतिक घमासान के बीच ज्योतिरादित्य के कांग्रेस छोड़ने और पार्टी के 22 विधायकों के इस्तीफे से राज्य की 15 माह पुरानी कमलनाथ सरकार गिरने के कगार पर पहुंच गई है।

सिंधिया ने कांग्रेस अध्यक्ष को मंगलवार को लिखे पत्र में कहा है कि आज के घटनाक्रम की पृष्ठभूमि पिछले एक साल से तैयार हो रही थी। राज्य के गुना से चार बार सांसद रहे सिंधिया ने कहा कि उन्हें 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीत हासिल करने के बाद उनका वाजिब हक--मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री पद--नहीं दिया गया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के लंबे समय तक सहयोगी रहे सिंधिया का इस्तीफा कांग्रेस के अंदर मौजूदा शक्ति समीकरण को बदलने वाला है।

कांग्रेस में कई युवा नेता नेतृत्व की भूमिका मिलने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन दिग्गज नेता खुद को काबिज रखते हुए उनके लिए बहुत कम गुंजाइश छोड़ रहे हैं।

सिंधिया के वफादार कार्यकर्ताओं ने इस बात का जिक्र किया कि उन्होंने कांग्रेस को झटका देकर और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नियंत्रण से बाहर निकलते हुए अपने पिता के अपमान का बदला लिया। ये दोनों नेता माधवराव सिंधिया के वक्त में राजनीतिक रूप से सक्रिय थे।

ज्योतिरादित्य की बुआ वसुंधरा राजे (राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री) और यशोधरा राजे सिंधिया (पूर्व मंत्री) सहित समूचा ग्वालियर शाही परिवार अब भाजपा के खेमे में हैं।

यशोधरा राजे सिंधिया ने मंगलवार को कहा, ‘‘उनके (ज्योतिरादित्य के) लिए यह घर वापसी जैसा है।

कांग्रेस के पूर्व सांसद और 16 वीं लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रहे ज्योतिरादित्य ने लंबे समय तक अपने खुद के राजनीतिक मार्ग का अनुसरण किया।

उनकी दिवंगत दादी विजय राजे सिंधिया 1967 में जनसंघ की संस्थापक रही थीं। उनके पिता ने 1980 में कांग्रेस में शामिल होने से पहले 1971 में जनसंघ से राजनीति में पदार्पण किया था।

बाद में, माधवराव ने 1996 में संक्षिप्त अवधि के लिए कांग्रेस छोड़ी और बाद में उन्हें शामिल होने के लिए मना लिया गया।

माधवराव जिस तरह से राजीव गांधी के विश्वस्त रहे थे, ठीक उसी तरह ज्योतिरादित्य भी राहुल गांधी के सहयोगी थे।

हालांकि, दिवंगत माधवराव 1971 से कभी चुनाव नहीं हारे, जबकि उनके बेटे ज्योतिरादित्य इस परंपरा को कायम नहीं रख सके और 2019 के आम चुनाव में गुना सीट पर अपने एक पूर्व सहयोगी से हार गये।

मध्य प्रदेश में राजनीतिक रूप से मुख्यमंत्री कमलनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा दरकिनार किये जाने के बाद ज्योतिरादित्य ने कुछ महीने पहले अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस का उल्लेख हटा दिया।

पार्टी के अंदर के लोगों का कहना है कि सिंधिया ने महसूस किया कि राहुल गांधी ने उन्हें निराश किया उन्होंने अपने विश्वस्त (ज्योतिरादित्य) को मुख्यमंत्री बनाने पर जोर नहीं दिया।

यहां तक कि बाद में भी, सिंधिया को मप्र कांग्रेस प्रमुख भी नहीं बनाया गया और कमलनाथ ने यह पद अपने पास ही रखा।

उन्हें जनवरी 2019 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का महासचिव नामित किया गया था। लेकिन वह उप्र में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा एक पूरक भूमिका में ही थे।

ज्योतिरादित्य 2002 में एक उपचुनाव जीत कर 2002 में गुना से पहली बार सांसद बने थे। उनके पिता की मृत्यु के बाद यह उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी थी।

उस वक्त वह 31 साल के थे। आगे चल कर वह 2007 में कांग्रेस नीत संप्रग-1 सरकार में संचार राज्य मंत्री बने।

साल 2009 में वह वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री बने और 2012 में उन्हें संप्रग-2 में ऊर्जा राज्यमंत्री नियुक्त किया गया।

साल 2014 के आम चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद सोनिया गांधी ने उन्हें लोकसभा में पार्टी का मुख्य सचेतक नियुक्त किया था।

भाषा

सुभाष दिलीप

संबंधित पोस्ट

Advertisement
Advertisement