भारत की सबसे बड़ी इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) सर्विस प्रोवाइडर कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2024-25 (FY25) के लिए ₹30 प्रति इक्विटी शेयर का अंतिम डिविडेंड देने की घोषणा की है। यह घोषणा कंपनी के चौथी तिमाही के वित्तीय नतीजों के साथ की गई।
टीसीएस ने गुरुवार एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि बोर्ड बैठक में निदेशकों ने ₹1 फेस वैल्यू के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹30 का अंतिम डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इसे कंपनी की 30वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) के समापन के पांचवे दिन भुगतान/भेजा जाएगा।’
इस घोषणा के साथ FY25 में TCS द्वारा अब तक दिया गया डिविडेंड FY24 के ₹73 प्रति शेयर को पार कर चुका है। FY23 में कंपनी ने कुल ₹115 प्रति शेयर का डिविडेंड दिया था। इसमें ₹67 का स्पेशल डिविडेंड भी शामिल था।
Purpose | Amount (Rs.) | Ex-date | Record Date |
Interim Dividend | 10 | 17 Jan 2025 | 17 Jan 2025 |
Special Dividend | 66 | 17 Jan 2025 | 17 Jan 2025 |
Interim Dividend | 10 | 18 Oct 2024 | 18 Oct 2024 |
Interim Dividend | 10 | 19 Jul 2024 | 20 Jul 2024 |
Final Dividend | 28 | 16 May 2024 | 16 May 2024 |
हालांकि, अभी तक TCS ने अंतिम डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट और भुगतान डेट फाइनल नहीं की है। वर्तमान बाजार वैल्यू के अनुसार, टीसीएस (TCS) का डिविडेंड यील्ड 1.79 प्रतिशत पर है।
वैश्विक अनिश्चितता और ग्राहकों द्वारा निर्णय लेने में देरी का असर देश की प्रमुख आईटी कंपनी के नतीजों में दिखा है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 1.7 फीसदी घटकर 12,224 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में कंपनी को 12,434 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था।
वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में टीसीएस की आय 5.2 फीसदी बढ़कर 64,479 करोड़ रुपये रही। तीसरी तिमाही के मुकाबले कंपनी की आय महज 0.79 फीसदी बढ़ी है। हालांकि कंपनी के नतीजे ब्लूमबर्ग के अनुमान से कमतर रहे। ब्लूमबर्ग ने टीसीएस की आय 64,848 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 12,766 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था।
पूरे वित्त वर्ष 2025 में टीसीएस का शुद्ध मुनाफा 5.8 फीसदी बढ़कर 48,553 करोड़ रुपये रहा जबकि कंपनी की आय 6 फीसदी बढ़कर 2,55,342 करोड़ रुपये रही। आय के मामले में टीसीएस ने 30 अरब डॉलर का कीर्तिमान पार कर लिया।