facebookmetapixel
मजबूत फंडामेंटल के साथ शेयर बाजार में बढ़त की उम्मीद, BFSI क्षेत्र सबसे आगे: रमेश मंत्रीअमेरिकी प्रतिबंधों से वेनेजुएला की तेल अर्थव्यवस्था झुलसी, निर्यात पर गहरा असर; भारत का आयात भी घटाबांग्लादेश ने IPL के प्रसारण पर लगाया प्रतिबंध, एक्सपर्ट बोले: इस फैसले से कुछ ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगादिल्ली दंगा साजिश केस में उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से सुप्रीम कोर्ट ने किया इनकारGrok विवाद में X को सरकार ने दी 72 घंटे की और मोहलत, महिलाओं व बच्चों की तस्वीरों पर केंद्र सख्तकेंद्रीय बजट से पहले IVCA की मांग: AIF ने प्राइवेट क्रेडिट फंड्स के लिए टैक्स में समानता की मांग कीSMC बिल पर एम. दामोदरन की चेतावनी: सेबी का निवेशकों की सुरक्षा पर फोकस कमजोरविश्व आर्थिक मंच की सलाना बैठक में दावोस जाएंगे भारतीय नेतागण, चौहान और वैष्णव करेंगे अगुआईभारत कोकिंग कोल का आईपीओ शुक्रवार को पेश होगा, ₹1,069 करोड़ जुटाने की तैयारीAI इम्पैक्ट समिट में ग्लोबल साउथ पर फोकस, खुद को AI सर्विस सप्लायर के रूप में पेश करेगा भारत

छत्तीसगढ़: डिप्टी सीएम बनाए जाने के बाद बोले टीएस सिंह देव, कभी नहीं की बारी-बारी से मुख्यमंत्री बनाए जाने की बात

सिंह देव ने कहा कि एक दिन के लिए भी दी गई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।

Last Updated- August 24, 2023 | 5:56 PM IST

छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव (Chhattisgarh Deputy CM ) ने ढाई-ढाई साल के लिए बारी बारी से मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर समझौते संबंधी खबरों को सिरे से खारिज करते हुए गुरुवार को दावा किया कि यह चर्चा केवल मीडिया की देन थी और उन्होंने इस बारे में कभी कोई बात नहीं की।

दिल्ली से रायपुर पहुंचने के बाद आज सुबह संवाददाताओं से बातचीत के दौरान सिंह देव ने इस पद पर अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी का आभार जताया और कहा, ‘‘देर आए दुरुस्त आए।’’

जब सिंह देव से उनके और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच ढाई ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद के समझौते के बारे में पूछा गया, तब उन्होंने कहा, ”मैंने कभी भी ढाई साल के समझौते पर चर्चा नहीं की। यह मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ था, और मीडिया की देन था। हालांकि मुझे मीडिया का हमेशा सकारात्मक समर्थन मिला।”

सिंह देव नयी दिल्ली से आज सुबह रायपुर पहुंचे। इस दौरान यहां के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर उनके समर्थकों की भारी भीड़ थी जिन्होंने सिंह देव का जोरदार स्वागत किया और ‘टीएस बाबा जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

गौरतलब है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने बुधवार को छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी की रणनीति और चुनावी तैयारियों पर नयी दिल्ली में चर्चा की। साथ ही, एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य के मंत्री टी. एस. सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का ऐलान किया गया।

चार महीने के लिए उपमुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कटाक्ष पर सिंह देव ने कहा कि एक दिन के लिए भी दी गई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।

राज्य में मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने सिंह देव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर कहा था कि प्रदेश में चुनावी हार को भांपते हुए पार्टी (कांग्रेस) ने यह दांव खेला है। इसी साल के आखिर में छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं।

इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जिस तरह 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भारी जनादेश मिला, कड़ी मेहनत कर उसी सफलता को आगामी विधानसभा चुनाव में दोहराने का प्रयास किया जाएगा। सिंह देव ने कहा ‘‘हम सबको मिलकर छत्तीसगढ़ को विकास की राह पर और आगे ले जाना होगा।’’

सिंह देव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता की लड़ाई में एक दूसरे के आमने सामने

राज्य में 2018 में पार्टी के सत्ता में आने के बाद से ही सिंह देव और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सत्ता की लड़ाई में एक दूसरे के आमने सामने रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सिंह देव को मुख्यमंत्री बघेल का विरोधी माना जाता है।

सिंह देव के समर्थकों के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने वर्ष 2018 में राज्य में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद सिंह देव से ढाई वर्ष के लिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाए जाने का वादा किया था। तीन बार के विधायक सिंह देव को 2013 में विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी ने कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना था।

माना जाता है कि राज्य में 2018 में पार्टी को सत्ता में वापस लाने में कांग्रेस के घोषणापत्र का महत्वपूर्ण योगदान था, जिसके पीछे सिंह देव ही थे। सिंह देव वर्तमान में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, बीस सूत्रीय कार्यान्वयन और वाणिज्यिक कर (GST) विभाग के मंत्री हैं।

First Published - June 29, 2023 | 12:06 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)

संबंधित पोस्ट