RBI MPC Meeting: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा आज शुक्रवार, 6 फरवरी को मौद्रिक नीति समिति (MPC) की मीटिंग का फैसला घोषित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होगी। RBI की मौद्रिक नीति समिति की यह मीटिंग 4 से 6 फरवरी के बीच हुई। यह FY26 की आखिरी MPC मीटिंग है। इससे पहले पिछली मीटिंग 3 से 5 दिसंबर के बीच हुई थी।
यह मीटिंग केंद्रीय बजट और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के बाद हो रही है। Reuters से बात करने वाले विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं होगा, क्योंकि फिलहाल न तो महंगाई और न ही आर्थिक वृद्धि को लेकर कोई बड़ा दबाव है।
हालांकि, RBI पहले ही फरवरी 2024 से अब तक रेपो रेट में 1.25% (125 बेसिस पॉइंट) की कटौती कर चुका है। इसी वजह से ज्यादातर जानकार मानते हैं कि इस मीटिंग में दरें स्थिर रखी जा सकती हैं। कुछ विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि एक और छोटी कटौती की गुंजाइश अभी बाकी है, जिससे लोन सस्ते हो सकें।
दिसंबर की मीटिंग में MPC ने रेपो रेट में 0.25% की कटौती की थी, जिससे रेपो रेट 5.50% से घटकर 5.25% हो गया था। यह फैसला दो मीटिंगों तक दरें स्थिर रखने के बाद लिया गया था। इससे पहले फरवरी से जून के बीच RBI ने लगातार तीन बार दरें घटाकर रेपो रेट को 6.5% से 5.5% कर दिया था।
RBI की मौद्रिक नीति समिति हर दो महीने में मीटिंग करती है। इसमें ब्याज दरों के साथ-साथ महंगाई और आर्थिक विकास के अनुमान भी जारी किए जाते हैं।
इसी वजह से RBI का यह फैसला आम लोगों, होम लोन, कार लोन और बिज़नेस पर सीधा असर डालता है।