Layoffs 2024: साल 2024 की शुरुआत में कई दिग्गज टेक कंपनियां (Google, Flipkart, Salesforce) में छंटनी करने की खबरें सामने आई हैं। अब ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) का नाम भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है।
खबरों के मुताबित, स्विगी 400 से अधिक कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा सकती है।
क्यों हो सकती है Swiggy में छंटनी?
सूत्रों ने कहा कि चूंकि कंपनी संरचना को सरल बनाने और परिचालन दक्षता लाने के लिए काम कर रही है। इसीलिए लगभग 350 से 400 नौकरियों में कटौती की आशंका है। नौकरियों में यह कटौती प्रौद्योगिकी, कॉल सेंटर और कॉरपॉरेट भूमिकाओं में काम कर रहे कर्मचारियों की होगी। आने वाले दिनों में नौकरी में कटौती धीरे-धीरे शुरू होने की आशंका है। हालांकि, कंपनी ने इस खबर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
यह भी पढ़ें: Layoffs 2024: Flipkart में फिर होगी छंटनी, इस आधार पर जा सकती है 1000 से अधिक कर्मचारियों की नौकरी
स्विगी ने संपर्क करने पर इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब स्विगी अपने आईपीओ की तैयारी कर रही है। मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने कहा, “स्विगी कार्य प्रक्रियाओं को सरल बनाने और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर काम कर रही है।” वर्तमान में स्विगी के कर्मचारियों की संख्या लगभग 6,000 है।
प्लेटफॉर्म शुल्क दोगुना करने की तैयारी में Swiggy!
फूड डिलिवरी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी स्विगी उपयोगकर्ताओं से लिए जाने वाले अपने अनिवार्य प्लेटफॉर्म शुल्क को पांच रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये करने का परीक्षण कर रही है। वह इस साल शेयर बाजार में संभावित सूचीबद्धता से पहले अपने मार्जिन में सुधार करना चाहती है। हालांकि कंपनी ने अभी तक कोई बढ़ोतरी लागू नहीं की है, लेकिन उसने चुनिंदा उपयोगकर्ताओं के लिए अपने ऐप पर नया शुल्क जारी कर दिया है।
यह भी पढ़ें: Layoff: Google, Flipkart के बाद Salesforce ने भी किया छंटनी का ऐलान, 700 कर्मचारियों पर गिरेगी गाज
बेंगलूरु की इस कंपनी ने दावा किया है कि बढ़ा हुआ यह शुल्क उपयोगकर्ताओं के छोटे-से समूह के बीच परीक्षण किया जा रहा है और कंपनी जल्द ही इस बढ़ोतरी की योजना नहीं बना रही है।