Bajaj Auto Q2 Results: ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी बजाज ऑटो ने आज यानी 16 अक्टूबर को अपनी दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। वित्त वर्ष 2024-25 की जुलाई-सितम्बर तिमाही में कंपनी के स्टैंडअलोन प्रॉफिट में सालाना आधार पर 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
बजाज ऑटो ने बुधवार को शेयर बाजार को बताया कि FY25 की दूसरी तिमाही में कंपनी का टैक्स के बाद प्रॉफिट 2005 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 1836 करोड़ रुपये था।
बजाज ऑटो के कंसोलिडेट नेट प्रॉफिट में गिरावट
बजाज ऑटो का 30 सितंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही का कंसोलिडेट नेट प्रॉफिट 31 प्रतिशत घटकर 1,385 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने पिछले वित्तवर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 2,020 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था।
स्टैंडअलोन आधार पर प्रॉफिट में इजाफा
स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी ने 2,005 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया है। यह पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के 1,836 करोड़ रुपये के मुकाबले नौ प्रतिशत अधिक है।
स्टैंडअलोन आधार पर तिमाही के दौरान कंपनी की ऑपरेशंस से आय भी बढ़कर 13,127 करोड़ रुपये हो गयी, जो साल भर पहले की समान तिमाही में 10,777 करोड़ रुपये थी।
16 प्रतिशत बढ़ी वाहनों की बिक्री
कंपनी ने कहा कि उसने दूसरी तिमाही में वाहनों की 12,21,504 इकाइयां बेचीं, जो एक साल पहले की समान तिमाही के 10,53,953 इकाई के आंकड़े से 16 प्रतिशत अधिक है।