भोपाल के गोविंदपुरा पुलिस थाना के अनुसार सीपीआरआई कालोनी के सामने एक तेज रफ्तार कार कल रात मोटरसायकल सवार तीन युवकों को रौंदते हुए नाले में जा गिरी। हादसे में मोटरसायकल सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया, जिसे एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
नाले में गिरी कार में भीषण आग लग गई । जब तक फायर ब्रिगेड का अमला पहुंचता, तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी। हादसे के बाद ड्राइवर कार से निकल भागा।
जेके रोड की ओर से आ रही कार ने अशोका गार्डन की ओर जा रही एक मोटरसायकल को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि दुर्घटना में चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे नाले में जा पलटी। हादसे के बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
.भाषा. अग्नि