काठमांडो, 19 नवंबर :भाषा: नेपाल का राजनीतिक भविष्य तय करने वाली संविधान सभा के चुनाव के लिए आज दोपहर तक 50 फीसदी से अधिक नेपाली मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसा में 3 बच्चे घायल हो गए।
निर्वाचन आयोग के अनुसार माओवादियों की धमकियों और काठमांडो में एक मतदान केंद्र के निकट विस्फोट के बावजूद पूरे नेपाल में स्थानीय समयानुसार दिन में एक बजे तक 50 फीसदी से अधिक मतदान हुआ।
आयोग ने कहा कि राजधानी काठमांडो में दो बजे तक 65 फीसदी से अधिक मतदान हुआ और अभी और लोगों के मतदान करने की संभावना है।
नेपाल में करीब एक दशक तक चले गृहयुद्ध के बाद वर्षों तक बाधित रही शांति प्रक्रिया इस चुनाव के जरिए पूरी हो सकेगी।
संविधान सभा के ऐतिहासिक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर उत्साहित लोगों की कतारें देखी गईं।
देश के 240 निर्वाचन क्षेत्रों के 18,457 मतदान केंद्रों पर 12,147,865 मतदाता मतदान करने योग्य हैं।
नेपाल में नया संविधान तैयार करने के उद्देश्य से, 601 सदस्यीय संविधान सभा का निर्वाचन होगा। इनमें से 240 सदस्यों का निर्वाचन प्रत्यक्ष मतदान व्यवस्था के तहत होगा। 335 सीटों के लिए अनुपातिक मतदान होगा और बचे 26 सदस्यों का नामांकन सरकार की ओर से होगा।