मेलबर्न, 11 नवंबर :भाषा: विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा है कि भारत पाकिस्तान को संदेह का लाभ देने को तैयार है क्योंकि नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम के बार बार उल्लंघनों के बीच दोनों पडोसी देश शांति की बहाली चाहते हैं।
खुर्शीद ने कहा, जब :पाकिस्तान के प्रधानमंत्री: नवाज शरीफ कहते हैं कि वे भारत के साथ शांतिपूर्ण और अच्छे संबंध चाहते हैं तो हम उनका यह वादा स्वीकार करते हैं।
लेकिन खुर्शीद ने कहा कि वह उनके :शरीफ: शब्दों के साथ हाल के समय में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम के बार बार उल्लंघनों का सामंजस्य नहीं बैठा सकते।
द ऑस्ट्रेलियन अखबार को दिए साक्षात्कार में खुर्शीद ने कहा, हम समय-समय पर पाकिस्तान से बात करते रहते हैं और निजी भाव-भंगिमाओं में हमें काफी गर्मजोशी दिखाई पड़ती है।
खुर्शीद ने कहा, लेकिन जमीनी हकीकत और हमारी बैठकों के नतीजे बहुत निराशाजनक हैं। पाकिस्तान के पास देश के भीतर निबटने के लिए कई मुश्किल मुद्दे हैं। हमारा नजरिया यह है कि हमें उन्हें जाहिर तौर पर अपनी कीमत पर नहीं, लेकिन समय देना चाहिए और हमें उन्हें संदेह का लाभ देना चाहिए।