बिहार के जहानाबाद जिले में पुलिस ने अलग अलग स्थानों से छापेमारी कर दो नक्सली सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से आज आग्नेयास्त्र और लेवी के तौर पर वसूल किए गए पैसे बरामद किये।
पुलिस अधीक्षक हरप्रीत कौर ने बताया कि हुलासगंज थाना क्षेत्र से आज कट्टर नक्सली प्रद्युम्न शर्मा के भाई प्रमोद शर्मा को गिरफ्तार कर उसके पास लेवी के रूप में वसूल किये गये 70 हजार रुपये नकद और लेवी वसूली की एक डायरी बरामद की है। पुलिस ने एक बोलेरो जब्त की है, जिस पर जिला कृषि पदाधिकारी का बोर्ड लगा था।
उन्होंने बताया कि शर्मा की निशानदेही पर लालबाबू नामक एक नक्सली की पत्नी को हुजरा गांव से रंजू देवी को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक देशी कार्बाइन और बडी संख्या में नक्सल साहित्य बरामद किया गया है। लालबाबू पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रंजू की निशानदेही पर मखदुमपुर थाना क्षेत्र में बीरा गांव में एक अन्य नक्सली सूरजन दास को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रमोद लेवी वसूलने का काम करता था और पुलिस को चकमा देने के लिए उसने वाहन पर सरकारी पदाधिकारी का बोर्ड लगा लिया था।