Weather Update: दिल्ली-NCR समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से जूझ रहा है। पूरे उत्तर भारत में धूप न के बराबर निकल रही है। पिछले कई दिनों से दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के अधिकतर जगहों पर सुबह में घना कोहरा छाया रहता है। हालांकि, आज सुबह मौसम ठंडा था, लेकिन हवाएं नहीं चल रही थीं। आइए जानते हैं आज हिंदी पट्टी का मौसम कैसा रहेगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिल्ली-NCR में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश के साथ साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। सुबह को कोहरा छाए रहने की वजह से विजिबिलिटी कम थी। आज आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। आज का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक रह सकता है।
आज पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके विपरीत पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। हालांकि, दोनों क्षेत्रों में मौसम ठंडा रहेगा और घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने लखनऊ,नोएडा और गाजियाबाद क्षेत्रों को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा, बिहार भी आज शीतलहर के प्रकोप से जूझता रहेगा। बिहार में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। रविवार को 6.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ मोतिहारी राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। कोहरे के कारण रविवार को पटना एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी 900 मीटर भी नहीं थी। इस वजह से खराब मौसम के चलते पटना व दरभंगा एयरपोर्ट से 16 विमानों की उड़ानें रद रहीं।
हरियाणा के सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, अंबाला और करनाल जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के बठिंडा, बरनाला, मुक्तसर, मोगा और चंडीगढ़ सहित कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब की बात करें तो आज यहां घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे लोगों को परेशानी हो सकती है। इसके चलते ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। इसके अलावा 7 से 9 जनवरी तक भी घने कोहरे का येलो अलर्ट है।
अगर बात उत्तरी पहाड़ी राज्यों की करें तो जम्मू कश्मीर के कुकरनाग,कुपवाड़ा, गुलमर्ग, श्रीनगर में आज भी न्यूनतम पारा माइनस में रहेगा। उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 7 से 11 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। हिमाचल प्रदेश में आज शीतलहर के साथ बर्फबारी और कहीं-कहीं भारी बारिश की भी चेतावनी है। हिमाचल में 7 से 9 जनवरी तक भी भीषण ठंड जारी रहेगी।