प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े परिसरों से 350 करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी के मुद्दे पर मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और इसके लिए एक लोकप्रिय क्राइम सीरिज का हवाला दिया।
प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किए गए उस वीडियो के जवाब में आई है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ साहू की तस्वीरें और झारखंड के सांसद से जुड़े परिसरों पर आयकर छापे के दौरान बरामद नकदी के ढेर दिखाई दे रहे है। वीडियो में राहुल गांधी को नोटों के ढेर पर लेटे दिखाया गया है।
भाजपा ने वीडियो के साथ लिखा ‘कांग्रेस प्रस्तुत करती है मनी हाइस्ट’ जबकि पृष्ठभूमि में क्राइम सीरिज का लोकप्रिय शीर्षक गीत बज रहा है। ‘मनी हाइस्ट’ एक स्पेनिश ड्रामा सीरिज है जिसकी कहानी के केंद्र में डकैती है। प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, ‘भारत में ‘मनी हाइस्ट’ कथा की जरूरत किसे है, जब आपके पास कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस की डकैतियां 70 वर्षों से प्रसिद्ध हैं और अभी भी जारी हैं।’
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमले के बाद उन पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें 1947 के बाद की सबसे बड़ी ‘डकैती’ के बारे में बताना चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘प्रिय नरेंद्र मोदी जी, देश चाहता है कि आप 1947 के बाद की सबसे बड़ी ‘मनी हाइस्ट’ (डकैती) के बारे में बताएं।
आपके करीबी दोस्त अदाणी ने आयातित कोयले और बिजली उपकरणों की कीमतें बढ़ाकर भारत से 17,500 करोड़ रुपये हड़प लिए। वह ऑफशोर शेल कंपनियों के माध्यम से भारत में 20,000 करोड़ रुपये वापस लाते हैं और सेबी की नजर के सामने अपने स्टॉक की कीमतें बढ़ाते है। वह बढ़े हुए स्टॉक का उपयोग करके अपनी सेवा में बैंकों से अरबों रुपये कर्ज लेते हैं।’