भारती एयरटेल और उसकी अनुषंगी कंपनी भारती टेलीमीडिया ने लगभग 235 करोड़ रुपये के चुनावी बॉन्ड खरीदे और इसमें से एक करोड़ रुपये को छोड़कर बाकी सारी राशि सत्तारूढ़ दल भाजपा को दी। चुनाव आयोग के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। भारती एयरटेल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लगभग 197.5 करोड़ रुपये, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस को 50 लाख रुपये और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 10 लाख रुपये का चंदा दिया।
आंकड़ों के मुताबिक, सुनील मित्तल की अगुवाई वाली दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल की अनुषंगी भारती टेलीमीडिया ने बीजेपी को 37 करोड़ रुपये के बॉन्ड दान किए। इस तरह भारती समूह की दो कंपनियों ने चुनावी बॉन्ड के जरिए भाजपा को कुल मिलाकर लगभग 234 करोड़ रुपये का चंदा दिया।
इस पर टिप्पणी के लिए भारती एयरटेल को भेजे गए मेल का कोई जवाब नहीं आया। इस बीच, आंकड़ों के मुताबिक भारत में आईटी कंपनियों ने चुनावी बॉन्ड के जरिए विभिन्न राजनीतिक दलों को लगभग 15 करोड़ रुपये का चंदा दिया। इनमें साएंट ने सबसे अधिक 10 करोड़ रुपये का चंदा भाजपा को दिया, जबकि जेनसर टेक्नोलॉजीज ने भाजपा को तीन करोड़ रुपये दिए।