बाजार

Stock Market Update: शेयर बाजार की सपाट शुरुआत, सेंसेक्स 100 अंक ऊपर; निफ्टी 26 हजार के करीब

Stock Market Update: इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और ऑटो स्टॉक्स में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 11, 2026 | 9:24 AM IST

Stock Market Updates, February 11: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (11 फरवरी) को सपाट शुरुआत के साथ खुले। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज और ऑटो स्टॉक्स में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिल रहा है जबकि रियल्टी और सरकारी बैंकिंग शेयरों में बिकवाली से बाजार में दबाव पड़ा है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex ) मामूली बढ़त के साथ 84,339 अंक पर खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। सुबह 9:21 बजे यह 139.29 अंक या 0.17 प्रतिशत की बढ़त लेकर 84,413.21 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी हरे निशान में खुला और खुलने के कुछ ही देर में 26 हजार के लेवल के पार चला गया। सुबह 9:22 बजे यह 55.75 अंक या 0.21 फीसदी की बढ़त के साथ 25,990.90 पर ट्रेड कर रहा था।

ग्लोबल संकेत

एशियाई बाजारों में बुधवार को तेजी का माहौल बना रहा। जापान का निक्केई इंडेक्स मजबूत बढ़त के साथ ऊपर कारोबार करता दिखा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण कोरिया के बाजारों में भी हल्की से मध्यम तेजी दर्ज की गई। एशियाई बाजारों की यह मजबूती ऐसे समय में देखने को मिली है, जब अमेरिकी बाजारों में हालिया कारोबारी सत्र में मिला-जुला रुख रहा।

अमेरिकी बाजारों की बात करें तो मंगलवार को एसएंडपी 500 और नैस्डैक में गिरावट दर्ज की गई, जबकि डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज लगातार तीसरे दिन रिकॉर्ड स्तर पर बंद होने में सफल रहा। निवेशकों की धारणा पर दिसंबर के कमजोर रिटेल सेल्स आंकड़ों का असर देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, उपभोक्ता खर्च में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई, जबकि बाजार को इसमें सुधार की उम्मीद थी। अब निवेशकों की नजर अमेरिका के आने वाले लेबर मार्केट डेटा पर टिकी हुई है।

Q3 Results Today

घरेलू बाजार के लिहाज से आज का दिन नतीजों के मोर्चे पर काफी अहम है। महिंद्रा एंड महिंद्रा, डिवीज लैब्स, अशोक लेलैंड, मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज, पतंजलि फूड्स, एसजेवीएन, एस्ट्राजेनेका फार्मा, किर्लोस्कर ऑयल इंजन, टीबीओ टेक, बायर क्रॉपसाइंस, अमारा राजा एनर्जी, अवंती फीड्स, आईआरकॉन, जुपिटर वैगन्स, पीएंडजी हेल्थ, मिसेज़ बेक्टर्स फूड्स सहित कई कंपनियां आज अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी।

IPO अपडेट

आईपीओ बाजार में भी आज हलचल बनी रहेगी। मेनबोर्ड सेगमेंट में फ्रैक्टल एनालिटिक्स और आय फाइनेंस के इश्यू सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन में प्रवेश कर चुके हैं, जबकि एसएमई सेगमेंट में ग्रोवर ज्वेल्स और ब्रांडमैन रिटेल आज एनएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर अपनी बाजार में एंट्री करने जा रही हैं।

First Published : February 11, 2026 | 7:46 AM IST