आपका पैसा

जॉब जॉइनिंग में अब नहीं होगी देरी! Aadhaar App से मिनटों में बैकग्राउंड वेरिफिकेशन, जानें डीटेल्स

UIDAI का नया Aadhaar ऐप QR कोड स्कैन से असली या फर्जी पहचान तुरंत व सुरक्षित तरीके से वेरिफाई करने की सुविधा देता है।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- February 11, 2026 | 11:25 AM IST

लंबी और जटिल बैकग्राउंड वेरिफिकेशन प्रक्रियाओं को अब अलविदा कहें। UIDAI के नए आधार ऐप के साथ पहचान की जांच तेज, सुरक्षित और आसान हो गई है, जिससे कर्मचारियों और HR टीमों के लिए भी ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया सहज हो गई है। यह नया ऐप पारंपरिक आधार कार्ड या फोटोकॉपी की जगह डिजिटल तरीके से पहचान शेयर करने और वेरिफिकेशन करने की सुविधा देता है। यूजर को अब आधार नंबर याद रखने या कार्ड साथ रखने की जरूरत नहीं होगी।

नए आधार ऐप की सबसे खास विशेषता यह है कि उपयोगकर्ता अपनी जरूरत के अनुसार कस्टम QR कोड बना सकते हैं। उदाहरण के लिए, सिनेमा टिकट के लिए केवल उम्र की पुष्टि, होटल में आइडेंटिटी वेरिफिकेशन या ऑफिस में उपस्थिति प्रमाण जैसी सेवाओं के लिए यह QR कोड इस्तेमाल किया जा सकता है।

UIDAI ने बताया कि इस प्रक्रिया में आपका आधार नंबर किसी भी तीसरे पक्ष के पास स्टोर नहीं होता। केवल डिजिटल रूप से साइन की गई जानकारी साझा होती है, जो भारत के डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट के अनुरूप सुरक्षित है। इसका मतलब है कि आपके डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा बनी रहती है।

ऐप कैसे डाउनलोड करें

  1. अपने स्मार्टफोन में Google Play Store (एंड्रॉइड) या Apple App Store (iPhone) खोलें

  2. सर्च करें – “Aadhaar” (डेवलपर: Unique Identification Authority of India)

  3. ऐप इंस्टॉल करें

  4. ऐप खोलें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार सेटअप पूरा करें

सेटअप पूरा होने के बाद आप आधार से जुड़ी सभी डिजिटल सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी जानकारी शेयर की है कि नए ऐप में QR कोड स्कैनर की सुविधा है, जिससे किसी भी आधार कार्ड की असली या नकली होने की पहचान की जा सकती है।

UIDAI का नया Aadhaar ऐप क्या करता है?

नए Aadhaar ऐप में एक खास QR कोड स्कैनर फीचर दिया गया है। इसके जरिए आधार कार्ड पर छपे QR कोड को स्कैन करते ही मोबाइल स्क्रीन पर उस कार्ड से जुड़ी असली जानकारी दिखाई देने लगती है। यदि आधार असली है, तो नाम, फोटो और अन्य विवरण तुरंत दिख जाते हैं। फर्जी कार्ड होने पर जानकारी दिखाई नहीं देती।

Aadhaar ऐप से वेरिफिकेशन करने का तरीका

  1. अपने स्मार्टफोन पर आधिकारिक ऐप स्टोर से Aadhaar ऐप डाउनलोड करें।

  2. ऐप इंस्टॉल करने के बाद अपने आधार नंबर से लॉगिन करें।

  3. ऐप के सभी फीचर्स एक्सेस करने के बाद QR कोड स्कैनर चालू करें।

  4. ड्राइवर, मेड या गार्ड के आधार कार्ड पर QR कोड स्कैन करें।

  5. स्क्रीन पर दिखाई गई जानकारी को सामने खड़े व्यक्ति से मिलाएं। यदि कार्ड फर्जी होगा तो कोई डेटा नजर नहीं आएगा।

यह ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। यूजर्स इसे मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं और बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आधार वेरिफिकेशन कर सकते हैं।

First Published : February 11, 2026 | 11:25 AM IST