शेयर बाजार

रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो वाला स्टॉक, मोतीलाल ओसवाल ने दिया 47% अपसाइड का टारगेट

Rekha Jhunjhunwala Stock: ब्रोकरेज का कहना है कि मजबूत तीसरी तिमाही, बेहतर भविष्य की संभावनाएं और मजबूत कैश फ्लो से वैल्यूएशन में सुधार की उम्मीद है।

Published by
जतिन भूटानी   
Last Updated- February 11, 2026 | 1:20 PM IST

Rekha Jhunjhunwala Stock: वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (11 फरवरी) को सपाट शुरुआत के साथ खुले। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज और ऑटो स्टॉक्स में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिला लेकिन आईटी और और सरकारी बैंकिंग शेयरों में बिकवाली से बाजार में दबाव पड़ा है। बाजार में इस मूड-माहौल के बीच ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो वाले स्टॉक वीए टेक वाबाग लिमिटेड पर दमदार आउटलुक दिया है। अनुभवी निवेशक रेखा झुनझुनवाला के पास इस कंपनी के 50 लाख शेयर हैं, जिनकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है। ब्रोकरेज का कहना है कि मजबूत तीसरी तिमाही, बेहतर भविष्य की संभावनाएं और मजबूत कैश फ्लो से वैल्यूएशन में सुधार की उम्मीद है।

VA Tech Wabag पर Motilal Oswal टारगेट प्राइस: ₹1900

मोतीलाल ओसवाल ने वीए टेक वाबाग लिमिटेड पर ‘BUY‘ की रेटिंग को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 1,900 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर 47 प्रतिशत का अपसाइड रिटर्न दे सकता है। कंपनी के शेयर मंगलवार को 1311 रुपये पर बंद हुए।

ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी की मौजूदा ऑर्डर बुक 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की है। यह वित्त वर्ष 2025 के अनुमानित राजस्व से लगभग पांच गुना है। इसके अलावा, वीए टेक वाबाग 3,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के लिए पसंदीदा बोलीदाता है और उसके पास 15,000 से 20,000 करोड़ रुपये की मजबूत बोली पाइपलाइन है। इससे अगले 3 से 4 वर्षों में 15 से 20 प्रतिशत की सालाना राजस्व वृद्धि का स्पष्ट अनुमान मिलता है।

ब्रोकरेज ने कहा प्रबंधन के अनुसार, सभी बड़ी परियोजनाएं तय समय के अनुसार आगे बढ़ रही हैं। कंपनी का ध्यान मीडिल ईस्ट, सीआईएस और अफ्रीका जैसे विदेशी बाजारों पर है, जहां वर्किंग कैपिटल साइकल और कैश फ्लो भारत की तुलना में बेहतर हैं। इसके साथ ही कंपनी प्रॉफिटेबल ग्रोथ पर जोर दे रही है और इंडस्ट्रियल, इंजीनियरिंग-खरीद-निर्माण तथा संचालन एवं रखरखाव जैसे हाई मार्जिन वाले क्षेत्रों में चुनिंदा बोली लगा रही है।

शेयर प्रदर्शन

वीए टेक वाबाग के शेयर एक महीने में 8 प्रतिशत से ज्यादा चढ़े हैं हालांकि, तीन महीने में शेयर 8 प्रतिशत और छह महीने में 15 प्रतिशत गिरा है। एक साल में 8 प्रतिशत की गिरावट आई है। दो साल में स्टॉक ने 88 प्रतिशत, तीन साल में 290 प्रतिशत और पांच साल में 524 प्रतिशत रिटर्न दिया है। स्टॉक का 52 वीक्स हाई 1,679 रुपये और 52 वीक्स लो 1,033.95 रुपये है। बीएसई पर कंपनी का टोटल मार्केट कैप 8,078.64 करोड़ रुपये है।

 

 

(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जो​खिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

First Published : February 11, 2026 | 1:20 PM IST