भारत में म्युचुअल फंड की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है और ये निवेश विकल्प अब महानगरों से आगे बढ़कर गांवों और छोटे कस्बों तक अपनी पहुंच बना रहे हैं। इसी कड़ी में भारत में वित्तीय समावेशन (financial inclusion) को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए देश के लीडिंग स्टॉक एक्सचेंज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (NSE) ने भारतीय डाक विभाग (DoP) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है। इस समझौते का मकसद डाक विभाग के बड़े नेटवर्क के माध्यम से ग्रामीण (rural) और अर्ध-शहरी क्षेत्रों (semi-urban areas) में लोगों तक म्युचुअल फंड प्रोडक्ट्स की पहुंच बढ़ाना है।
डाक विभाग देशभर में फैले अपने 1.64 लाख से ज्यादा डाकघरों के विशाल नेटवर्क का उपयोग करते हुए NSE के साथ काम करेगा। NSE के पास म्युचुअल फंड लेनदेन को संभालने के लिए एक मजबूत ऑनलाइन सिस्टम है, जो ऑर्डर देने से लेकर निपटान तक की पूरी प्रक्रिया को सेबी के नियमों के अनुरूप संचालित करता है।
इस साझेदारी का मकसद म्युचुअल फंड्स प्रोडक्ट्स को लोगों तक आसानी से पहुंचाना है। खास तौर पर ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों को इसका ज्यादा फायदा मिलेगा।
समझौते के तहत, डाक विभाग के कुछ कर्मचारियों को चुनकर उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद उन्हें सर्टिफाइड म्युचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर बनाया जाएगा। ये कर्मचारी जरूरी सर्टिफिकेट (NISM सर्टिफिकेट और EUIN रजिस्टेशन) लेने और नियमों का पालन करने के बाद NSE के प्लेटफॉर्म के जरिए म्युचुअल फंड प्रोडक्ट और निवेश से जुड़ी सेवाएं दे सकेंगे।
डाक विभाग की महाप्रबंधक (सिटिजन सेंट्रिक सर्विसेज एंड रूरल बिजनेस) मनीषा बंसल बादल और NSE के चीफ बिजनेस डेवलपमेंट ऑफिसर श्रीराम कृष्णन ने डाक विभाग और NSE के सीनियर अधिकारियों की मौजूदगी में इस समझौते पर साइन किया।
यह समझौता साइन होने की तारीख से तीन साल तक लागू रहेगा। बाद में आपसी सहमति से इसे आगे बढ़ाया जा सकेगा।
Also Read: Gold ETFs में रिकॉर्ड निवेश, पहली बार इक्विटी फंड्स से आगे निकली कीमती धातुओं की मांग
डाक विभाग की महाप्रबंधक मनीषा बंसल बादल ने कहा, “डाक विभाग ने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करने में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। NSE के साथ यह साझेदारी भारतीय डाक को अपने ग्राहकों को आधुनिक निवेश समाधान प्रदान करने में सक्षम बनाएगी, साथ ही निवेशक संरक्षण, पारदर्शिता और नियामक अनुपालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखेगी।”
यह रणनीतिक साझेदारी भारत सरकार के वित्तीय समावेशन को आग बढ़ाने के विजन के अनुरूप है, जिसमें इंडिया पोस्ट की विश्वसनीयता, पहुंच और व्यापक नेटवर्क को NSE के मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी विशेषज्ञता के साथ जोड़ा गया है। इस पहल से निवेशकों में जागरूकता, पारदर्शिता और कैपिटल मार्केट से जुड़े फाइनैंशियल प्रोडक्ट्स में भागीदारी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।