Titan Share Price: टाइटन कंपनी के शेयर बुधवार (11 फरवरी) को इंट्रा-डे ट्रेड में 3 प्रतिशत चढ़ गए। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजे जारी किए। इसके बाद शेयरों में यह तेजी आई। ज्वेलरी और घड़ियां बनाने वाली कंपनी के शेयर बुधवार सुबह कारोबार के दौरान 4,378.40 रुपये के नए 52 हफ्तों के उच्च स्तर पर पहुंच गए। हालांकि, बाद में मुनाफावसूली के चलते शेयर लाल निशान में बंद हुए। शेयर में मूवमेंट के बीच ब्रोकरेज हाउसेस ने स्टॉक पर अपनी रिपोर्ट जारी कर दी है।
मोतीलाल ओसवाल ने टाइटन कंपनी पर ‘BUY’ रेटिंग को बरकरार रखा है। साथ ही स्टॉक पर 5,000 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस तरह, शेयर 17 प्रतिशत का रिटर्न दे सकता है। टाइटन कंपनी के शेयर बुधवार को 4260 रुपये के करीब बंद हुए।
ब्रोकरेज ने कहा कि टाइटन ने शानदार वृद्धि दर्ज की है और मुनाफे के मामले में उनके अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया है। उनका कहना है कि यह बढ़त त्योहारों के खास कलेक्शन, असरदार ब्रांड प्रोमोशन और प्रभावी एक्सचेंज योजनाओं की वजह से आई। ऊंची सोने की कीमतों के बावजूद त्योहारों के दौरान मांग मजबूत रही।
ब्रोकरेज के अनुसार, तनिष्क की आकर्षक एक्सचेंज योजना से ग्राहकों की बड़ी संख्या आकर्षित हुई। महंगे और खास गहनों के प्रदर्शन और लॉन्च के जरिए इस योजना को अच्छा समर्थन मिला। इससे कंपनी के पोर्टफोलियो में मजबूत वृद्धि देखने को मिली।
Also Read: Q3 नतीजों के बाद 50% से ज्यादा चढ़ सकता है रेस्टोरेंट कंपनी का शेयर, ब्रोकरेज बोले – लगाओ दांव
नोमुरा ने भी टाइटन (Titan) पर अपनी खरीदारी की सलाह को बरकरार रखा है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर 4,500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के मौजूदा भाव से करीब 6 प्रतिशत ज्यादा है।
ब्रोकरेज ने कहा कि कंपनी ने कंसोलिडेट स्तर पर एबिट्डा से पहले की कमाई में क्रमशः 42 प्रतिशत और 41 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की। कंपनी के ज्वेलरी कारोबार ने बिक्री और मार्जिन दोनों मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन किया। ब्रोकरेज ने कहा कि टाइटन के घड़ी कारोबार में पारंपरिक घड़ियों की मांग मजबूत बनी रही, जबकि पहनने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर दबाव बना रहा।
कैसे रहे Q3 नतीजे ?
टाइटन कंपनी की कमाई में तीसरी तिमाही में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है। ज्वेलरी और घड़ियां बनाने वाली टाटा ग्रुप की यह कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3FY26) में अपना नेट प्रॉफिट 61 फीसदी बढ़ाकर 1,684 करोड़ रुपये कर लिया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1,047 करोड़ रुपये था। अगर पिछली तिमाही से तुलना करें, तो मुनाफा 1,120 करोड़ रुपये से बढ़कर 50.3 फीसदी ज्यादा रहा।
कंपनी की कुल कमाई भी तेजी से बढ़ी। इस तिमाही में ऑपरेशंस से रेवेन्यू 24,915 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 17,550 करोड़ रुपये से 42 फीसदी ज्यादा है। पिछली तिमाही के 16,461 करोड़ रुपये से तो 51.2 फीसदी का बड़ा जंप आया।
(डिस्क्लमेर: यहां शेयर में खरीदारी की सलाह ब्रोकरेज ने दी है। बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। निवेश संबंधी फैसला करने से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)