Ashok Leyland Q3FY26 Results: कमर्शियल व्हीकल वाहन बनाने वाली दिग्गज कंपनी अशोक लीलैंड ने बुधवार को वित्त वर्ष 2025-2026 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q3FY26 में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 5.19 फीसदी बढ़कर 862.24 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 819.67 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
शेयर बाजार को दी सूचना में कंपनी ने बताया कि तीसरी तिमाही में उसका ऑपरेशन से रेवेन्यू बढ़कर 14,830.24 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 11,995.21 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 13,490.15 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 10,937.89 करोड़ रुपये था।
Also Read: रेखा झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो वाला स्टॉक, मोतीलाल ओसवाल ने दिया 47% अपसाइड का टारगेट
तीसरी तिमाही में MHCV (मीडियम और हेवी कमर्शियल वाहन) की बिक्री 23 फीसदी बढ़कर 32,929 यूनिट रही, जो वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में 26,692 यूनिट थी।
कंपनी ने बताया कि LCV (लाइट कमर्शियल वाहन) की बिक्री 30 फीसदी बढ़कर 20,518 यूनिट रही, जबकि वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में यह 15,754 यूनिट थी।
कंपनी का निर्यात 20 फीसदी बढ़कर 4,965 यूनिट रहा, जो वित्त वर्ष 2025 की तीसरी तिमाही में 4,151 यूनिट था।
Also Read: FIIs अब किन सेक्टर्स में लगा रहे पैसा? जनवरी में ₹33,336 करोड़ की बिकवाली, डिफेंस शेयरों से दूरी
अशोक लीलैंड के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा, “मात्रा और लाभप्रदता में हमारी मजबूत और लगातार वृद्धि हमारे पोर्टफोलियो की प्रतिस्पर्धात्मकता को दर्शाती है, जो बेहतर प्रदर्शन और ग्राहकों को ज्यादा मूल्य प्रदान करता है। इसे सभी सेगमेंट में ग्राहकों के साथ हमारी गहरी और प्रभावी भागीदारी से मजबूती मिली है।”
आउटलुक पर उन्होंने कहा, “बाजार की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और हमें भरोसा है कि यह मजबूती मध्यम अवधि में हमारे सभी कारोबार- MHCV, LCV और डिफेंस- में कायम रहेगी।”
(PTI इनपुट के साथ)