बाजार

Stocks To Watch Today: Apollo, Hindustan Zinc, Coal India समेत आज इन शेयरों पर रखें नजर

Stocks To Watch Today: आज शेयर बाजार में नतीजों, ऑफर फॉर सेल और बड़े ऑर्डर्स से जुड़ी खबरों के चलते कई प्रमुख कंपनियां निवेशकों के फोकस में रहेंगी।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 11, 2026 | 7:20 AM IST

Stocks To Watch Today, 11 February: भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सीमित दायरे में होने के संकेत हैं। निवेशक इस समय तीन अहम फैक्टर्स के बीच संतुलन बना रहे हैं- एक ओर ऑटो, पावर और केमिकल सेक्टर से मजबूत तिमाही नतीजे, दूसरी ओर लेबर कोड से जुड़ी बढ़ी हुई लागत जो कंपनियों के मुनाफे पर दबाव डाल सकती है, और तीसरी तरफ सरकारी विनिवेश, डिविडेंड व राइट्स इश्यू जैसी कॉरपोरेट गतिविधियां।

लगातार तीन कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद बाजार का सालाना रिटर्न करीब 10% के आसपास बना हुआ है। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी टैरिफ और जारी अर्निंग सीजन की हलचल के बावजूद अस्थिरता सूचकांक (India VIX) 12 के निचले स्तर पर बना हुआ है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 84,200 और निफ्टी लगभग 25,900 के आसपास कारोबार करता दिख सकता है।

इन शेयरों पर रहेगी खास नजर

आज के कारोबार में Apollo, Oswal Pumps, Hindustan Zinc, Life Insurance सेक्टर, Coal India और Ashoka Buildcon जैसे शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। इन कंपनियों से जुड़े नतीजे, ऑर्डर अपडेट या कॉरपोरेट ऐलान निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ा सकते हैं।

आज घोषित होंगे कई दिग्गज कंपनियों के तिमाही नतीजे

शेयर बाजार के लिहाज़ से आज का दिन बेहद अहम रहने वाला है। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया, लेंसकार्ट सॉल्यूशंस, अशोक लेलैंड, अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी, डिवीज़ लैबोरेट्रीज़, गोदरेज इंडस्ट्रीज़, मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज, पतंजलि फूड्स, टीबीओ टेक और यात्रा ऑनलाइन समेत कई बड़ी कंपनियां आज अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी। निवेशकों की नजर खासतौर पर ऑटो, फार्मा और कंज्यूमर सेक्टर पर रहेगी।

BHEL

भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) में सरकार की हिस्सेदारी घटने जा रही है। केंद्र सरकार कंपनी में अपनी 3% हिस्सेदारी (10.44 करोड़ शेयर) 11 और 12 फरवरी को ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बेचने का प्रस्ताव लाई है। इसके अलावा, ओवरसब्सक्रिप्शन की स्थिति में 2% अतिरिक्त हिस्सेदारी (6.96 करोड़ शेयर) बेचने का विकल्प भी रखा गया है। OFS का फ्लोर प्राइस 254 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

इसके साथ ही BHEL को एक बड़ा ऑर्डर भी मिला है। कंपनी को भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) से ओडिशा के लखनपुर में स्थापित होने वाले 2,000 टन प्रतिदिन अमोनियम नाइट्रेट प्रोजेक्ट के लिए सिंगैस प्यूरिफिकेशन प्लांट का ऑर्डर मिला है।
इस प्रोजेक्ट की कुल कीमत करीब 2,800 करोड़ रुपये है।

Tata Communications

टाटा कम्युनिकेशंस में शीर्ष प्रबंधन स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के बोर्ड ने सिद्धार्थ मुंद्रा को मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) के लिए नामित किया है। वह 23 फरवरी से CFO-डिज़िग्नेट के रूप में कार्यभार संभालेंगे और 1 मई से आधिकारिक रूप से कंपनी के CFO बन जाएंगे। मौजूदा CFO कबीर अहमद शाकिर 30 अप्रैल को अपने पद से हट जाएंगे।

Apollo Hospitals Enterprise

हेल्थकेयर सेक्टर की दिग्गज कंपनी अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज ने तीसरी तिमाही में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 502 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया है। वहीं, कंपनी की कुल आय में भी अच्छी तेजी देखने को मिली है, जो बढ़कर 6,477 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि, इस तिमाही में लेबर कोड से जुड़े खर्च का असर कंपनी पर करीब 19 करोड़ रुपये पड़ा है। बेहतर नतीजों के बीच कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 10 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश भी घोषित किया है।

Torrent Power

पावर सेक्टर की कंपनी टोरेंट पावर ने तीसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 35 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 643 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। साथ ही, कंपनी की कुल आय में भी बढ़त दर्ज की गई है, जो बढ़कर 6,777 करोड़ रुपये हो गई है। बेहतर परिचालन प्रदर्शन और लागत नियंत्रण का असर नतीजों में साफ नजर आया है।

Ather Energy

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी एथर एनर्जी को लेकर भी बाजार में चर्चा तेज है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड यानी NIIF कंपनी में अपनी करीब 1.92 प्रतिशत हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए बेच सकता है। इस हिस्सेदारी बिक्री का अनुमानित आकार लगभग 533.5 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिस पर निवेशकों की खास नजर बनी हुई है।

Dixon Technologies

डिक्सन टेक्नोलॉजीज (इंडिया) का शेयर फरवरी की शुरुआत से करीब 13 फीसदी चढ़ा है, जबकि दिसंबर तिमाही का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। नवंबर 2025 के उच्च स्तर से पहले शेयर में 33 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी थी, लेकिन Q3 नतीजों के बाद कुछ ब्रोकरेज हाउस ने स्टॉक पर अपना नजरिया बेहतर किया है।

दिसंबर तिमाही में कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर 2 फीसदी बढ़ी। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेगमेंट में मांग घटने से बिक्री 10 फीसदी कम हुई, जबकि होम अप्लायंसेज में वॉशिंग मशीनों की अच्छी मांग के चलते 13 फीसदी की बढ़त रही। मोबाइल फोन कारोबार में 5 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले 16 तिमाहियों में सबसे कम है।

First Published : February 11, 2026 | 7:00 AM IST