बीते रोज निफ्टी 50 ने दिन की शुरुआत बढ़त के साथ की। शुरुआती कुछ मिनटों में बाजार थोड़ा फिसला और निफ्टी 25,870 तक आ गया, लेकिन यहां से खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया। धीरे-धीरे निफ्टी ऊपर चढ़ता गया और 26,000 के पास पहुंच गया। जैसे ही यह स्तर आया, वहां बिकवाली शुरू हो गई और मुनाफा काटने वाले हावी हो गए, जिससे तेजी वहीं थम गई।
दिन के आखिर में निफ्टी ने ऐसा कैंडल बनाया जिसने साफ दिखा दिया कि खरीदार और बिकवाल आमने-सामने खड़े हैं। हालांकि हर गिरावट पर खरीदारी दिखी, जिससे यह साफ है कि बाजार अभी कमजोर नहीं पड़ा है।
मोतीलाल ओसवाल के डेरिवेटिव और टेक्निकल हेड चंदन तपाड़िया ने कहा, आने वाले दिनों में निफ्टी के लिए 25,800 बहुत अहम स्तर बन गया है। अगर यह इसके ऊपर टिक गया, तो रास्ता पहले 26,100 और फिर 26,250 तक खुल सकता है। लेकिन अगर दबाव बढ़ा तो 25,800 के बाद 25,700 पर सहारा मिलता दिख रहा है। सीधी बात यह है कि बाजार अभी थमा हुआ जरूर है, लेकिन टूटा नहीं है। हर छोटी गिरावट पर खरीदार फिर से मैदान में उतर रहे हैं।
ऑप्शन बाजार में 26,000 का स्तर इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसी स्तर पर सबसे ज्यादा कॉल और पुट दोनों जमा हैं। 26,500 पर भी बिकवाली देखने को मिल रही है, जबकि 25,900 पर लोग नीचे की गिरावट से बचाव कर रहे हैं।
इन आंकड़ों से लगता है कि निफ्टी अभी एक दायरे में ही घूमेगा। ऊपर की सीमा करीब 26,200 के आसपास है और नीचे की सीमा 25,700 के पास बनती दिख रही है। बहुत बड़ी छलांग या बड़ी गिरावट के संकेत फिलहाल नहीं दिख रहे।
बैंक निफ्टी ने दिन की शुरुआत 60,750 के पास की, लेकिन पूरे दिन यह इधर-उधर ही घूमता रहा। करीब 200 अंकों के छोटे से दायरे में ही कारोबार चलता रहा। नीचे आते ही खरीदारी दिखी, लेकिन ऊपर जाते ही बाजार की सांस फूल गई।
चार्ट पर बना पैटर्न बता रहा है कि बैंकिंग शेयरों में भरोसा तो है, लेकिन तेजी को आगे ले जाने वाला दम अभी नजर नहीं आ रहा।
अगर बैंक निफ्टी 60,500 के ऊपर बना रहता है, तो इसमें फिर से तेजी आ सकती है और यह 61,000 के बाद 61,250 तक पहुंच सकता है। लेकिन अगर यह फिसला तो 60,500 के बाद 60,250 पर रुकने की कोशिश करेगा।
यानी बैंक निफ्टी इस वक्त इंतजार की हालत में है। न पूरी तरह चढ़ने को तैयार, न गिरने के मूड में।
BAJAJ AUTO – खरीदें
मौजूदा भाव (CMP): ₹9,774
स्टॉप लॉस: ₹9,500
टारगेट: ₹10,300
चंदन तपाड़िया के मुताबिक, बजाज ऑटो का शेयर अपने मजबूत सहारे से उछलकर ऊपर आया है। चार्ट पर बनी बड़ी हरी कैंडल बता रही है कि खरीदारों ने पूरी ताकत लगा दी है। तेजी के संकेत साफ दिख रहे हैं और शेयर में आगे और चढ़ने की गुंजाइश बनी हुई है।
इसका भाव करीब 9,774 रुपये है। ऊपर में 10,300 का स्तर दिख रहा है, जबकि 9,500 के नीचे फिसलने पर सावधानी जरूरी होगी।
TATA STEEL – खरीदें
मौजूदा भाव (CMP): ₹208
स्टॉप लॉस: ₹200
टारगेट: ₹222
चंदन तपाड़िया के अनुसार, टाटा स्टील का शेयर जैसे ही थोड़ा नीचे आता है, वैसे ही खरीदार टूट पड़ते हैं। यही वजह है कि शेयर लगातार ऊपर की दिशा में बना हुआ है। इसमें तेजी की ताकत बनी हुई दिख रही है और बाजार का भरोसा इस पर कायम है। अभी शेयर 208 रुपये के आसपास है। आगे 222 रुपये तक की चाल देखी जा सकती है, जबकि 200 रुपये इसका अहम सहारा है।
मौजूदा भाव (CMP): ₹4,002
स्टॉप लॉस: ₹3,870
टारगेट: ₹4,230
चंदन तपाड़िया कहते हैं, डीमार्ट के शेयर ने नीचे के मजबूत स्तर से जोरदार वापसी की है। इस उछाल के दौरान भारी खरीदारी देखने को मिली, जिससे साफ है कि निवेशक इस शेयर को लेकर गंभीर हैं। फिलहाल इसका भाव 4,002 रुपये के पास है। अगर चाल बनी रही तो यह 4,230 तक जा सकता है। नीचे की तरफ 3,870 पर नजर रखना जरूरी है।
(डिस्केमर: यह लेख मोतीलाल ओसवाल के डेरिवेटिव और टेक्निकल हेड चंदन तपाड़िया की राय पर आधारित है। निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।)