भारतीय रिजर्व बैंक के नए डिप्टी गवर्नर गिरीश चंद्र मुर्मू
मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने सोमवार को गिरीश चंद्र मुर्मू को भारतीय रिजर्व बैंक का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 9 अक्टूबर से 3 साल के लिए होगी।
मुर्मू एक केंद्रीय बैंकर हैं। पिछले 6 साल से वह रिजर्व बैंक में कार्यकारी निदेशक के रूप में काम कर रहे हैं। वह पर्यवेक्षण विभाग के प्रमुख हैं। वह विभिन्न क्षेत्रों में रिजर्व बैंक के नियमों की समीक्षा के लिए कई उच्च-स्तरीय आंतरिक समितियों का भी नेतृत्व कर चुके हैं। वह सचिव के विभाग का भी प्रभार संभालते हैं।
मुर्मू ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से स्नातकोत्तर की उपाधि हासिल की है। वह 1991 में रिजर्व बैंक से जुड़े। उन्हें मध्य और वरिष्ठ प्रबंधन स्तर पर विभिन्न केंद्रीय बैंकिंग कार्यों में 3 दशकों से अधिक का अनुभव है, जिसमें रिजर्व बैंक के एक प्रमुख क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय निदेशक और बैंकिंग विनियमन, मुद्रा प्रबंधन, सूचना प्रौद्योगिकी आदि जैसे अन्य केंद्रीय बैंकिंग कार्यों में वरिष्ठ प्रबंधन की भूमिकाएं शामिल हैं।
रिजर्व बैंक में 4 डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जे, राजेश्वर राव, टी रवि शंकर और पूनम गुप्ता हैं। ये लोग मौद्रिक नीति, विदेशी मुद्रा का प्रबंधन, वित्तीय प्रणाली का विनियमन और पर्यवेक्षण सहित केंद्रीय बैंक के कई कार्यों का कामकाज देखते हैं। डिप्टी गवर्नर राजेश्वर राव का कार्यकाल 8 अक्टूबर को खत्म हो रहा है।