अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने फिर किया दावा: मैंने रुकवाया भारत-पाकिस्तान के बीच ‘परमाणु युद्ध’, एक दिन में दो बार दोहराया

अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, 'अमेरिका विश्व का सबसे शक्तिशाली देश है। मैंने अपने पहले कार्यकाल में इसकी सेना को नए सिरे से पूरी तरह मजबूत किया था।'

Published by
भाषा   
Last Updated- February 06, 2026 | 11:13 PM IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक ही दिन में दो बार अपना यह दावा दोहराया कि उन्होंने पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाया था। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ‘नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट’ में कहा, ‘मैंने एक साल में 8 भयंकर युद्धों को समाप्त कराया। इनमें कंबोडिया और थाईलैंड, कोसोवो और सर्बिया, पाकिस्तान और भारत, इजरायल और ईरान, आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच युद्ध शामिल हैं।’

बाद में ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर भी एक पोस्ट में इस दावे को फिर दोहराया कि उन्होंने ‘भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध’ होने से रुकवाया। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, ‘अमेरिका विश्व का सबसे शक्तिशाली देश है। मैंने अपने पहले कार्यकाल में इसकी सेना को नए सिरे से पूरी तरह मजबूत किया था।’

उन्होंने कहा, ‘मैंने दुनिया भर के कई देशों- पाकिस्तान और भारत, ईरान और इजराइल तथा रूस और यूक्रेन के बीच परमाणु युद्धों को रोका है।’

अमेरिका के राष्ट्रपति ने 90 से अधिक बार दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव को समाप्त कराया। 

First Published : February 6, 2026 | 11:13 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)