राजनीति

लोक सभा में गतिरोध बरकरार: चीन का मुद्दा व सांसदों के निलंबन पर अड़ा विपक्ष, बजट चर्चा में भी बाधा

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बिना पारित कर दिया गया था

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- February 06, 2026 | 11:07 PM IST

लोक सभा  में पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विषय तथा कुछ अन्य मुद्दों पर शुक्रवार को भी गतिरोध बरकरार रहा और विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। 

सदन में सोमवार से गतिरोध की स्थिति बनी हुई है और कांग्रेस समेत विपक्ष के सदस्य राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख नरवणे के एक अप्रकाशित संस्मरण का हवाला देते हुए चीन से टकराव का मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं मिलने, विपक्ष के आठ सदस्यों को आसन की अवमानना के मामले में निलंबित करने समेत विभिन्न मुद्दों पर हंगामा कर रहे हैं। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब के बिना पारित कर दिया गया था। 

लोक सभा की कार्यवाही शुक्रवार को जब एक बार के स्थगन के बाद शुरू हुई तो स्थिति ज्यों की त्यों बनी रही। विपक्षी सदस्यों ने आसन के समीप पहुंचकर ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘जो उचित समझो, वो करो’ (नरवड़े के संस्मरण का एक वाक्य) के नारे लगाए। पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने विपक्षी सदस्यों से सदन चलने देने और केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘आज बजट पर चर्चा है, आप उसमें अपने विषय उठा सकते हैं। कृपया सदन चलने दें।’

तेन्नेटी ने सदन में तख्तियां लहरा रहे कई विपक्षी सदस्यों को टोकते हुए कहा कि यह उचित नहीं है और सदन में तख्तियां नहीं लाई जा सकतीं। नारेबाजी जारी रहने पर उन्होंने दोपहर 12 बजकर सात मिनट पर सदन की बैठक सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। इससे पहले, शुक्रवार सुबह 11 बजे जब सदन की बैठक शुरू हुई तो लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया और भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजपाल सिंह का नाम पूरक प्रश्न पूछने के लिए पुकारा। इस दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गए। लोक सभा  अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल सभी सदस्यों का समय होता है और आज कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का प्रश्न भी सूचीबद्ध है। उन्होंने कहा कि हंगामे के कारण इस सत्र में अभी तक सदन का 19 घंटे 13 मिनट का समय बर्बाद हो चुका है। 

संसद परिसर में जुटा विपक्ष

कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने अमेरिका के साथ देश के व्यापार समझौते, पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण से जुड़े विवाद और लोक सभा  से आठ सदस्यों के निलंबन को लेकर शुक्रवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। लोक सभा की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद विपक्षी सांसद संसद के मकर द्वार के निकट एकत्र हुए और उन्होंने ‘तनाशाही नहीं चलेगी’ और ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो’ जैसे नारे लगाए। 

First Published : February 6, 2026 | 11:07 PM IST