बाजार

150% का तगड़ा डिविडेंड! Q3 में अच्छी कमाई के बाद नवरत्न कंपनी का तोहफा, रिकॉर्ड डेट फिक्स

कंपनी ने तीसरी तिमाही में कई मोर्चों पर बढ़त दिखाई। बीती तिमाही कंपनी का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 9 प्रतिशत बढ़कर 879 करोड़ रुपये हो गया

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- February 07, 2026 | 7:31 PM IST

भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाली प्रमुख नवरत्न कंपनी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ने अपने निवेशकों को खुशखबरी दी है। हाल ही में कंपनी ने दिसंबर 2025 तिमाही यानी वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बीती तिमाही अच्छा प्रदर्शन दिखाया है और इसके साथ ही शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का ऐलान किया।

कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। कंपनी के शेयर का फेस वैल्यू 5 रुपये है, जिसके हिसाब से यह 150 फीसदी बैठता है । कंपनी ने एक्सचेंज को बताया कि डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 तय की गई है। यानी उस तारीख को जिनके पास शेयर होंगे, उन्हें ही यह डिविडेंड मिलेगा। कंपनी ने कहा है कि यह डिविडेंड 7 मार्च 2026 तक शेयरधारकों के खाते में पहुंच जाएगा।

तीसरी तिमाही के नतीजे मजबूत

मझगांव डॉक ने तीसरी तिमाही में कई मोर्चों पर बढ़त दिखाई। बीती तिमाही कंपनी का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 9 प्रतिशत बढ़कर 879 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 807 करोड़ रुपये था।

Also Read: स्टॉक मार्केट में मचेगी हलचल: अगले हफ्ते डिविडेंड-स्टॉक स्प्लिट-बोनस शेयर की बारिश, देखें पूरी लिस्ट

रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस में भी अच्छी छलांग लगी। यह 14.6 प्रतिशत बढ़कर 3601 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि साल पहले यह 3144 करोड़ रुपये था। कंपनी के ऑर्डर बुक और जहाज निर्माण के काम में तेजी से यह ग्रोथ आई है।

EBITDA यानी ऑपरेटिंग मुनाफा 8.6 प्रतिशत बढ़कर 886.9 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 817 करोड़ रुपये था। लेकिन EBITDA मार्जिन थोड़ा कम हुआ। यह 24.6 प्रतिशत पर आ गया, जबकि साल पहले 26 प्रतिशत था। मतलब 139 बेसिस पॉइंट्स की गिरावट आई।

शेयर का भाव

नतीजे आने के बाद बीते शुक्रवार के कंपनी के शेयर में थोड़ी नरमी देखी गई। BSE पर शेयर 2397.50 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव 2431.90 रुपये से 34.40 रुपये या 1.41 प्रतिशत कम था।

First Published : February 7, 2026 | 7:31 PM IST