आभूषण और घड़ी बनाने वाली प्रमुख कंपनी टाइटन का वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 60.84 प्रतिशत बढ़कर 1,684 करोड़ रुपये हो गया, जिसमें घरेलू आभूषण व्यवसाय का योगदान रहा। टाइटन ने शेयर बाजारों में यह जानकारी दी। कंपनी ने एक साल पहले अक्टूबर-दिसंबर की अवधि में 1,047 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था। वित्त वर्ष 2025-26 की दिसंबर तिमाही में कंपनी की बिक्री 42 प्रतिशत बढ़कर 24,915 करोड़ रुपये हो गई। कर पूर्व मुनाफा 9.7 प्रतिशत मार्जिन पर 2,375 करोड़ रुपये था, जो 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
प्रमुख अस्पताल श्रृंखला अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही के दौरान समेकित शुद्ध लाभ में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है और यह वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही में दर्ज 372 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 502 करोड़ हो गया। इस दौरान इसका समेकित राजस्व पिछले साल की इसी अवधि के 5,527 करोड़ रुपये के मुकाबले 17 प्रतिशत बढ़कर 6,477 करोड़ रुपये हो गया। एबिटा वित्त वर्ष 25 की तीसरी तिमाही के 762 करोड़ रुपये के मुकाबले 965 करोड़ रुपये हो गया।
भारत की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती एकीकृत आपूर्ति श्रृंखला समाधान कंपनियों में से एक टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्युशंस (टीवीएस एससीएस) ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 11.19 करोड़ रुपये का कर पश्चात लाभ (पीएटी) दर्ज किया है, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में उसे 23.8 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
देश में डोमिनोज और पोपेयज चलाने वाली जुबिलेंट फूडवर्क्स ने वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान दमदार राजस्व वृद्धि और मार्जिन में बढ़ोतरी की बदौलत समेकित शुद्ध लाभ में 65.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह बढ़कर 70.9 करोड़ रुपये हो गया। उसका राजस्व 13.3 प्रतिशत बढ़कर 2,437.2 करोड़ रुपये हो गया जबति ब्याज, कर तथा मूल्यह्रास से पहले लाभ 19.5 प्रतिशत बढ़ा और 500.9 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आयशर मोटर्स का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 21.37 प्रतिशत बढ़कर 1,420.61 करोड़ रुपये हो गया। मजबूत बिक्री के कारण कंपनी के मुनाफे में यह वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी का गत वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 1,170.5 करोड़ रुपये रहा था। आयशर मोटर्स ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय 6,114.04 करोड़ रुपये रही।
टॉरंट समूह की कंपनी टॉरंट पावर लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ करीब 34 प्रतिशत बढ़कर 654.74 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य रूप से राजस्व में वृद्धि के कारण मुनाफे में यह उछाल आई है। गत वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 489.33 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी के निदेशक मंडल ने 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 150 प्रतिशत लाभांश की घोषणा की है।
सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी हैपिएस्ट माइंड्स टेक्नोलजीज का अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 19.56 प्रतिशत घटकर 40.3 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी के अनुसार, यह गिरावट मुख्य रूप से नए श्रम संहिता के क्रियान्वयन से जुड़े एकमुश्त प्रभाव के कारण आई। गत वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 50.1 करोड़ रुपये रहा था।