अदाणी ग्रुप की कंपनियों में इसके प्रमोटरों का भरोसा बढ़ रहा है। प्रमोटरों ने जून तिमाही के दौरान 23,000 करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक निवेश करके अदाणी ग्रुप की पांच कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इन पांच कंपनियों में अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अंबुजा सीमेंट लिमिटेड, अदाणी पावर लिमिटेड, अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस का नाम शामिल हैं।
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अंबुजा सीमेंट में प्रमोटर की हिस्सेदारी 66.74 प्रतिशत से 3.59 प्रतिशत बढ़कर 70.33 प्रतिशत हो गई है। अप्रैल में, कंपनी ने कहा कि गौतम अदाणी परिवार ने क्षमता विस्तार के लिए अतिरिक्त 8,339 करोड़ रुपये का निवेश किया है। अदाणी परिवार ने अक्टूबर 2022 में 5,000 करोड़ रुपये और फिर इस साल मार्च में 6,661 करोड़ रुपये का निवेश किया था।
सामूहिक रूप से, निवेश के कई दौरों ने अंबुजा सीमेंट्स में 20,000 करोड़ रुपये की पूंजी निवेश की योजना को पूरा किया।
तिमाही के दौरान ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज में प्रमोटर की हिस्सेदारी 2.11 प्रतिशत बढ़कर 74.72 प्रतिशत हो गई। तिमाही के दौरान 3,175 रुपये के औसत शेयर प्राइस के आधार पर, प्रमोटरों ने अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए लगभग 7,600 करोड़ रुपये खर्च किए होंगे।
अदाणी ग्रीन एनर्जी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 1.15 प्रतिशत बढ़कर 57.52 प्रतिशत हो गई। तिमाही के दौरान 1,788 रुपये के औसत शेयर प्राइस के आधार पर, प्रमोटरों ने अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए लगभग 7,600 करोड़ रुपये खर्च किए होंगे।
अदाणी पावर में प्रमोटर की हिस्सेदारी 0.96 प्रतिशत बढ़कर 72.71 प्रतिशत हो गई, और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में प्रमोटर की हिस्सेदारी 1.72 प्रतिशत बढ़कर 74.94 प्रतिशत हो गई। तिमाही के औसत शेयर प्राइस के आधार पर, प्रमोटरों ने अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए क्रमशः 2,642 करोड़ रुपये और 1,917 करोड़ रुपये खर्च किए होंगे।
इस बीच, एसीसी, अदाणी पोर्ट्स और एसईजेड, अदाणी टोटल गैस और अदाणी विल्मर में प्रमोटर की हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं आया। यह पिछली तिमाही के समान ही रही। इस बीच, विदेशी निवेशकों ने जून तिमाही के दौरान अदाणी ग्रुप की कई कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी काफी कम कर दी है।
अदाणी एंटरप्राइजेज में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी 14.41 प्रतिशत से घटकर 11.73 प्रतिशत पर आ गई, जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में उनका एक्सपोजर 17.49 प्रतिशत से घटकर 15.53 प्रतिशत पर रहा। अंबुजा सीमेंट्स में हिस्सेदारी 11.09 प्रतिशत से गिरकर 9.59 प्रतिशत रह गई। इसी तरह, अदाणी ग्रीन एनर्जी की एफआईआई होल्डिंग्स 18.15 प्रतिशत से घटकर 16.91 प्रतिशत रह गई और एसीसी में 6.17 प्रतिशत से घटकर 5.64 प्रतिशत पर आ गई।
अदाणी टोटल गैस में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी में मामूली कमी देखी गई। यहीं रुझान एनडीटीवी और अदाणी विल्मर को लेकर भी देखा गया। इसके विपरीत, इसी अवधि के दौरान अदाणी पोर्ट्स और एसईजेड में एफआईआई की हिस्सेदारी 0.21 प्रतिशत बढ़ी।