BBC समूह की विभिन्न संस्थाओं द्वारा दिखाई गई आय और लाभ के आंकड़े भारत में उनके परिचालन के अनुरूप नहीं है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह बात कही गई। यह बयान आयकर अधिकारियों की तरफ से ब्रिटिश मीडिया इकाई के खिलाफ तीन दिन तक चले सर्वेक्षण के एक दिन बाद आया है।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने मीडिया संगठन का नाम लिए बिना बयान में कहा कि आयकर दलों ने कर्मचारियों के बयान, डिजिटल सबूत और दस्तावेजों के रूप में महत्त्वपूर्ण सबूतों का पता लगाया है।
अधिकारियों ने कहा कि यह बयान ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) से संबंधित है। बयान के मुताबिक सर्वेक्षण के दौरान कई विसंगतियां पाई गईं। सर्वेक्षण 14 फरवरी को दिल्ली और मुंबई स्थित BBC कार्यालयों में शुरू किया गया था और गुरुवार की रात लगभग 60 घंटों के बाद समाप्त हो गया।