वाशिंगटन, 26 अक्तूबर :भाषा: विमानन क्षेत्र की अग्रणी कंपनी बोइंग ने चौथे सी-17 ग्लोबामस्टर-3 विमान की आपूर्ति भारतीय वायुसेना को कर दी है। एक और यानी पांचवां विमान इस साल के आखिर में भारत के सुपुर्द किया जाएगा।
इसके साथ ही इस साल के पूरा होने तक बोइंग से कुल पांच विमानों की आपूर्ति भारत को हो जाएगी। अगले साल पांच अन्य विमान भारतीय वायुसेना के सुपुर्द किए जाएंगे।
सभी 10 विमानों की आपूर्ति होने के बाद अमेरिका के बाद भारत सबसे बड़ा सी-17 विमान परिचालक होगा।
इस विमान ने पहली बार 1991 में उड़ान भरी थी। इसका इस्तेमाल सैनिकों को लाने-लेजाने, माल ढुलाई, मानवीय सहायता की आपूर्ति में किया जा सकता है। हाल ही में भारतीय वायुसेना ने फैलिन तूफान के समय सी-17 विमानों का इस्तेमाल किया था।
भाषा