भारत के लिये फिर खेलने का सपना संजोने वाले युवराज सिंह श्रीलंका में टी20 विश्व कप के जरिये वापसी करना चाहते हैं लेकिन उनका मानना है कि इससे पहले उन्हें मैच अभ्यास की सख्त जरूरत है ।
कैंसर से उबरने के बाद एनसीए में अभ्यास शुरू करने वाले युवराज ने कहा कि अभी वह टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में नहीं सोच रहे । वह टी20 क्रिकेट के जरिये वापसी करना चाहते हैं ।
यहां कैंसर के बारे में जागरूकता जगाने के लिये युवराज सिंह फाउंडेशन की पहल यूवीकैन के लांच के मौके पर पत्रकारों से बातचीत मंे उन्होंने कहा , टी20 विश्व कप के तुरंत बाद रणजी ट्राफी होना है । वैसे भी रणजी ट्राफी खेलकर टी20 की तैयारी नहीं की जा सकती । टी20 विश्व कप से पहले मैं मोइनुद्दौला और बुची बाबू टूर्नामेंट खेलकर अभ्यास कर सकता हूं । अभी तक हालांकि मुझे उनके कार्यक्रम के बारे में पता नहीं है ।
उन्होंने यह भी कहा कि वह विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में टी20 मैच खेलना चाहेंगे ।
उन्होंने कहा , मैं न्यूजीलैंड टीम के भारत दौरे पर कुछ मैच खेल सकता हूं । मुझे यह जानकर अच्छा लगा कि चयन समिति के प्रमुख कृष्णामाचारी श्रीकांत ने कहा कि टी20 विश्व कप के लिये मैं उनकी रणनीति का हिस्सा हूं । मैं डेढ महीने से अभ्यास कर रहा हूं और अगले दो महीने में बेहतर हो जाउंगा ।
टेस्ट मैचों में वापसी के बारे में उन्होंने कहा , मैं अभी टेस्ट क्रिकेट के बारे में नहीं सोच रहा । मेरे लिये किसी भी प्रारूप में खेलना अहम है । यह मेरे फार्म, समय और फिटनेस पर निर्भर होगा ।