रिण सीमा बढ़ाने का विधेयक अटके रहने से दुनियाभर में बेचैनी बढ़ गई थी क्योंकि यदि अमेरिका रिण भुगतान में चूक जाता तो इसका विश्व अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ता। हालांकि, व्हाइट हाउस को सरकार चलाने के लिए कुछ ही महीनों का समय मिला है और उसे मुद्दे पर फिर से बातचीत करनी होगी।
पिछली रात, राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा कि वह कांग्रेस में विधेयक पारित होते ही वह इस पर दस्तखत करेंगे। अब यह पूरी संभावना है कि सरकार का कामकाज आज बहाल हो जाय और पांच लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी काम पर लौट आएं।
विधेयक में यह प्रावधान भी किया गया है कि कामकाज ठप रहने के दौरान घर बिठाए गए कर्मचारियों को वेतन का भुगतान किया जाय।
प्रबंधन व बजट कार्यालय की निदेशक सिल्विया मैथ्यूज बरवेल ने कहा, अब विधेयक सीनेट व प्रतिनिधि सभा में पारित हो चुका है, राष्ट्रपति ने आज रात्रि में इस पर दस्तखत करने की योजना बनाई है। इस तरह से कर्मचारियों के सुबह काम पर लौटने की संभावना है।
सीनेट में विधेयक के पक्ष में 81 मत पड़े, जबकि इसके विरोध में 18 मत पड़े। वहीं प्रतिनिधि सभा में इसे 285 मतों से पारित कर दिया गया, जबकि इसके विरोध में 144 मत पड़े।