कांग्रेस और वाईएस जगनमोहन रेड्डी के बीच खटास भरे रिश्तों के बावजूद राष्ट्रपति पद के संप्रग के उम्मीदवार प्रणव मुखर्जी ने जगन की मां को फोन कर अपने लिए समर्थन मांगा था लेकिन उन्हें कोई आश्वासन नहीं दिया गया।
मुखर्जी ने जगन की मां और वाईएसआर कांग्रेस की मानद अध्यक्ष विजयम्मा से कुछ दिन पहले फोन पर बातचीत की और 19 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में वाईएसआर कांग्रेस का समर्थन मांगा।
विजयम्मा ने आज यहां पीटीआई से कहा, जब मैं विशाखापत्तन में एक दौरे पर थी तब उन्होंने :प्रणव मुखर्जी ने: मुझसे बात की थी। उन्होंने अपने राष्ट्रपति चुनाव के लिए हमारी पार्टी का समर्थन मांगा। हमने उन्हें कोई वादा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि वाईएसआर कांगे्रस ने अभी इस बाबत कोई फैसला नहीं किया है कि राष्ट्रपति चुनाव में किसका समर्थन करना है। भाजपा समर्थित उम्मीदवार पी ए संगमा ने भी उनसे संपर्क साधा है।
वाईएसआर कांग्रेस के आंध्र प्रदेश विधानसभा में 17 विधायक हैं और लोकसभा में दो सांसद हैं।
उन्होंने कहा, प्रणव ने जहां फोन पर बात की वहीं संगमा घर आये। लेकिन हमने अपना रुख तय नहीं किया है।
जब विजयम्मा से पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी मुखर्जी को समर्थन दे सकती है क्योंकि वह संगमा को समर्थन दे रही भाजपा के साथ नहीं जाना चाहेेगी, इस पर उन्होंने कहा, इस पर फैसला करने के लिए पर्याप्त समय है।