Stock Market Updates, Thursday, February 19, 2026: एशियाई बाजारों में तेजी के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार (19 फरवरी) को बढ़त के साथ खुले। बाजार में भारी वजन रखने वाले आईटी शेयरों में बढ़त से बाजार को सपोर्ट मिला रहा है। अमेरिका की टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में तेजी का असर देसी कंपनियों पर भी पड़ा। इसके चलते बाजार मजबूती के साथ खुला। हालांकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक जैसे इंडेक्स हैवीवेट शेयरों में गिरावट से बाजार में दबाव दिख रहा है।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) मजबूती के साथ 83,979 अंक पर खुला। लेकिन खुलने के कुछ देर में ही बढ़त गंवा दी। सुबह 9:31 बजे यह 30.02 अंक या 0.04 फीसदी की बढ़त लेकर 83,704.23 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी मजबूती के साथ 25,873 पर खुला लेकिन कुछ ही देर में सपाट स्तर पर आ गया। सुबह 9:32 बजे यह 5.30 अंक की मामूली गिरावट लेकर 25,814.05 पर कारोबार कर रहा था।
एशिया के शेयर बाजार गुरुवार सुबह की ट्रेडिंग में बढ़त के साथ खुले। दक्षिण कोरिया का कोस्पी (Kospi) इंडेक्स नए ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। जापान का निक्केई 225 करीब 1 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 3 प्रतिशत तक चढ़ गया। चीन और हांगकांग के बाजार लूनर न्यू ईयर (नए साल) की छुट्टियों की वजह से बंद रहे।
वहीं, अमेरिका के शेयर बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए। बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में तेजी से बाजार को सहारा मिला। एसएंडपी 500 करीब 0.56 प्रतिशत और डाउ जोंस 0.26 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। नैस्डैक 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि MACD इंडिकेटर अभी भी पॉजिटिव क्रॉसओवर में है। इससे बाजार में जारी सुधार (रिकवरी) को मजबूती मिल रही है। हालांकि, 25,850 से 25,900 के स्तर पर बिकवाली का दबाव दिख रहा है। यह स्तर अब बाजार के लिए सबसे नजदीकी रुकावट (रेजिस्टेंस) बन गया है।
उन्होंने कहा कि नीचे की ओर 25,650 के आसपास पहला सपोर्ट है। इसके बाद 25,600 से 25,550 के बीच मजबूत सपोर्ट देखा जा रहा है। जब तक निफ्टी 50 इन स्तरों के ऊपर बना रहता है, तब तक बाजार का रुख हल्का सकारात्मक (माइल्ड पॉजिटिव) रहेगा।
यश्तेज इंडस्ट्रीज (इंडिया) के आईपीओ (IPO) को अप्लाई करने का गुरुवार को दूसरे दिन है। यह आईपीओ 88.88 करोड़ रुपये का फिक्स्ड प्राइस इश्यू है। यश्तेज इंडस्ट्रीज के आईपीओ का शेयर अलॉटमेंट 23 फरवरी को फाइनल होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयरों की संभावित लिस्टिंग 25 फरवरी को हो सकती है। वहीं, मारुशिका टेक्नोलॉजी लिमिटेड के शेयर गुरुवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बीएसई (BSE) पर लिस्ट होंगे।